द फॉलोअप टीम, रांची:
रिम्स में भर्ती उषा देवी के बेटे और बेटी ने यह कहते हुए अपनी मां के लिए इच्छा मृत्यु की मांग की थी कि उनके पास इलाज के लिए अब पैसे नहीं है। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डॉ. रविरंजन और जस्टिस एस. एन. प्रसाद की अदालत ने गंभीर मौखिक टिप्पणी की है। हाई कोर्ट ने कहा है कि मुख्यमंत्री के निजी सहायक (पीए) कहते हैं कि हमारे पास पैसा नहीं है, तो क्या हमारे नागरिक अपनी जगह और जमीन बेचकर अपना इलाज कराएं।
जस्टिस खुद करवाते इलाज
झारखण्ड में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर दिया गया है। इसके बाद भी ब्लैक फंगस से ग्रसित मरीजों के इलाज में कोताही बरती जा रही है। इस कोताही पर झारखंड हाई कोर्ट ने गंभीर मौखिक टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि सरकार के अधिकारी ने कैसे कहा कि हमारे पास फंड नहीं है। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डॉ. रविरंजन ने कहा कि अगर मेरे पास पैसे होते तो मई खुद पीड़िता का इलाज करवाता। उन्होंने इस मामले को संवेदनशील बताया। पीड़िता के इलाज को लेकर की गई व्यवस्था पर हाई कोर्ट ने विस्तृत रिपोर्ट माँगी है।
रिम्स डायरेक्टर ने क्या कहा
सुनवाई के दौरान उपस्थित रिम्स डायरेक्टर से कोर्ट ने पूछा कि क्या आप शपथपत्र दायर कर यह जानकारी दे सकते हैं कि ब्लैक फंगस से जूझ रहे मरीज बाहर से दवा नहीं खरीद रहे। रिम्स डायरेक्टर ने अदालत को बताया कि दवाइयों की सप्लाई पूरी नहीं है। इसलिए हम शपथपत्र दायर नहीं कर सकते है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की तरफ से उपस्थित महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अदालत को बताया कि रिम्स में ब्लैक फंगस के जितने भी मरीज इलाजरत हैं, उनके लिए हर संभव व्यवस्था की जा रही है।