logo

रांची की निर्भया : सिरकटी लाश का अबतक नहीं मिला सिर, चान्हो के एक परिवार का किया गया डीएनए टेस्ट

रांची की निर्भया : सिरकटी लाश का अबतक नहीं मिला सिर, चान्हो के एक परिवार का किया गया डीएनए टेस्ट

द फॉलोअप टीम, रांची: 
3 जनवरी को रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के जंगल से नग्न अवस्था में बरामद युवती के शव मामले में पुलिस को अबतक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस अबतक न किसी को गिरफ्तार कर सकी है और न ही युवती का सिर ढूंढ पाई है। इधर पुलिस युवती की पहचान करने की कवायद में जोर-शोर से जुटी है। इसी सिलसिले में चान्हो थाना क्षेत्र से भी गुमशुदगी के एक मामले में पुलिस ने परिवार वालों का डीएनए टेस्ट कराया है।

पुलिस लापता लड़की के सभी मामले खंगाल रही
रांची पुलिस जब रांची और आसपास के सभी थानों में उन सभी गुमशुदगी के मामले की तलाश कर रही है।जिसमें लापता लड़की का केस हो। इसी क्रम में चान्हो में एक मामले का पता चला। उसके बाद पुलिस ने परिवार वालों से संपर्क साधकर उनका डीएनए टेस्ट कराया। हालाँकि अबतक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
 
रांची के सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने भी किया था दावा 
इससे पहले रांची के सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने बरामद युवती के शव को अपनी बेटी का बताया था। लेकिन पुलिस ने जब मामले में गहनता से जाँच की तो उस महिला की गायब हुई बेटी का पता चल गया था।

बोकारो से पहुंचा एक परिवार, सिर कटे शव की नहीं कर सका पहचान
रिम्स शीतगृह में युवती का सिर कटा शव रखा हुआ है। इसकी पहचान करने के लिए बोकारो का भी एक परिवार रविवार को रांची पहुंचा। पुलिस ने उसे शव दिखाया। लेकिन युवती की पहचान नहीं हो सकी।  

10 दिनों से सिर की तलाश जारी
युवती का शव मिलने के बाद उसके सिर की तलाश पिछले 10 दिनों से जारी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगातार सिर की तलाश की जा रही है।