द फॉलोअप टीम, पटना:
फुलपरास के उप स्वास्थ्य केंद्र हटनी से एक बेहद ही प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। जहां एक 6 माह की गर्भवती एएनएम रंगोली कुमारी काम को बेखौफ तरीके से करती नजर आ रही है। लोगों का टीकाकरण करना, कोरोना के प्रति जागरूक करना, कोविड ड्यूटी निभाने में रंगोली ने मिसाल कायम की है।
तीन साल की बेटी भी है
रंगोली अपनी 3 साल की बेटी को घर पर ही छोड़ कर आती है। रंगोली अपनी फिक्र ना करके अपने ड्यूटी को ज्यादा महत्व देती है। घर पहुंचकर खुद को सैनिटाइज करती है फिर अपनी बेटी को छूती है और घर के कामकाज में जुट जाती है। रंगोली के इस समर्पण भाव की खूब तारीफ हो रही है।
क्या कहना है रंगोली का
एएनएम रंगोली कुमारी कहतीं है कि इस महामारी में हेल्थ वर्करों की छुटि्टयां कैंसिल हैं। ऐसे में छुट्टी लेकर घर मे बैठना कहीं से भी सही नहीं है। बिना किसी छुट्टी के लगातार ड्यूटी कर रही हैं। उनका कहना हैं कि इस वक्त देश के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी खड़े हैं। ऐसे में मुझे मातृत्व से पहले अपनी मातृभूमि की रक्षा करना है। छुट्टी तो हम बाद में भी लिया जा सकता है। जब तक मैं काम करने की हालत में हूं, तब तक अपनी ड्यूटी को करूंगी और मुझे अपने काम पर गर्व है।