द फॉलोअप टीम, बेगूसराय:
बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। शराब की दुकानों पर ताला लगा है लेकिन सरसों के खेत से शराब निकल रही है। मामला बेगुसराय का है। यहां सरसों के खेत से शराब बरामद की गई है। वो भी भारी मात्रा में। गौरतलब है कि शराब की बिक्री या खरीद के खिलाफ जारी व्यापक अभियान के बीच तस्कर नये-नये तिकड़म भिड़ाकर शराब के अवैध कारोबार में लगे हैं। इसी सिलसिले में ये शराब बरामद की गई है।
नदी से भी निकल चुकी है अवैध शराब
गौरतलब है कि कभी नदी से शराब मिलती है तो कभी मिट्टी के अंदर से। बेगुसराय में शराब की बरामदगी को लेकर बनाए गए एंटी लिकर टास्क फोर्स की टीम ने सरसों के खेत से तकरीबन 100 कार्टन शराब बरामद किया है। ये शराब विदेशी है। दरअसल, सूचना मिली थी कि रतनपुर थानाक्षेत्र अंतर्गहत सरसों के खेत में नए साल के जश्न के लिए शराब की बड़ी खेप मंगाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई जहां से शराब का 100 कार्टन जब्त किया गया। शराब की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

शराब के खिलाफ जारी है छापेमारी अभियान
मामले में एएसआई संजय मिश्रा ने बताया कि शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान जारी है। गया मे भी शराब बरामद की गई है। यहां बाराचट्टी थानाक्षेत्र अंतर्गत वाहन जांच के क्रम में अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने 792 बोतल विदेशी शराब के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया। सहायक आयुक्त प्रेमि प्रकाश ने जानकारी दी है कि झारखंड में भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी।

बिहार में लागू किया गया है शराबबंदी कानून
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। बावजूद इसके राज्य में धड़ल्ले से शराब की तस्करी जारी है। बता दें कि दीवाली के समय राज्य के सीवान, गोपालगंज और समस्तीपुर में अलग-अलग घटनाओं में जहरीली शराब पीने से 36 लोगों की मौत हो गई थी वहीं 2 दर्जन से ज्यादा लोग बीमार हो गये थे। इस घटना के बाद राज्य में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गाय है।