द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर:
चक्रवाती तूफान 'यास(Yas) के कारण राज्य में हो रही लगातार बारिश से खरकई नदी (Kharkai river) का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि खरकई नदी खतरे के निशान पर है, जिसके कारण बागबेड़ा (Bagbheda) और आसपास के तटीय इलाके बाढ़ की चपेट में आ गये हैं। वहीं, बागबेरा बडौदा घाट से बागबेड़ा का संपर्क टूट गया है। जिला प्रशासन की टीम क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रही है और एनडीआरएफ(NDRF) की टीम की मदद से लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा रहा है। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर (ADM Law & Order) ने बताया है कि कई लोग हठधर्मिता के कारण अपने घरों से नहीं निकल रहे हैं, उन्हें समझा-बुझाकर बाहर लाया गया है। वहीं सिटी एसपी ने बताया कि शेल्टर हाउस(Shelter House) में रहने वाले लोगों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए जवान तैनात कर दिए गए हैं।
लोगों को रेस्क्यू करने में लगीं टीमें
जानकारी के मुताबिक नया बस्ती और आस पास के 400 के करीब घर बाढ़ की चपेट में हैं। एनडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू कर लोगों को घरों से बाहर लाया जा रहा है। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर एनके लाल ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, और भी बढ़ने की संभावना है। लोगों को एडीआरएफ की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है, लेकिन कई लोग ऐसे हैं जो घरों से बाहर नहीं आना चाहते हैं।