logo

नहीं मिल रहा है वैक्सीन का स्लॉट! टीका लगवाने 150 किमी तय कर दूसरे जिलों में जा रहे हैं रांची के लोग

8581news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में 14 मई से 18 प्लस आयु वर्ग के लोगों का भी टीकाकरण शुरू कर दिया गया। 18 प्लस आयु वर्ग को टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना होता है। मुश्किल ये है कि राजधानी रांची में लोगों को वैक्सीनेशन का स्लॉट नहीं मिल पा रहा है। लोग वैक्सीनेशन के लिए दूसरे जिलों का रूख करने लगे हैं। ये खुलासा सोमवार को ई-पास की चेकिंग के दौरान हुआ। 

खूंटी और रामगढ़ तक जा रहे रांची के लोग
वैक्सीनेशन के लिए रांची के लोग ना केवल निकवर्ती जिला खूंटी या रामगढ़ जा रहे हैं बल्कि 100 से भी ज्यादा किमी की दूरी तय करके चतरा और गुमला का भी रूख कर रहे हैं। ई पास की चेकिंग के दौरान 20 फीसदी वाहनों में वैसे लोग मिले जो टीका लगवाने के लिए दूसरे जिलों में जा रहे थे। इन लोगों के पास ई-पास नहीं था। पूछने पर पता चला कि रांची में स्लॉट नहीं होने की वजह से लोग वैक्सीन लगवाने दूसरे जिलों में जा रहे हैं। इन्होंने अपना वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन पास दिखाया। 

रांची के परिवार ने खूंटी में जाकर लिया टीका
जानकारी के मुताबिक रांची के जगतपुर कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार ने खूंटी जिला के तोरपा में जाकर वैक्सीन लगवाया। इस परिवार का कहना था कि कई प्रयासों के बाद भी रांची में वैक्सीनेशन का स्लॉट नहीं मिल सका। रांची की सीमा अग्रवाल को गुमला जाकर वैक्सीन लगवाना पड़ा क्योंकि रांची में उनको स्लॉट नहीं मिल सका था। सीमा अग्रवाल को गुमला के भरनो में कोवैक्सीन का पहला डोज लगाया गया। कांके जिला के अविनाश ने रामगढ़ में कोविशील्ड वैक्सीन लगवाया। 

झारखंड में वैक्सीनेशन का तीसरा चरण जारी
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के निर्देश पर देश में 1 मई से वैक्सीनेशन का तीसरा चरण शुरू किया गया। इस चरण में 18 प्लस आयु वर्ग के नागरिकों को भी टीका लगाया जा रहा है। झारखंड में वैक्सीन की कमी की वजह से टीकाकऱण अभियान 14 मई से शुरू किया गया। अलग-अलग जिलों में 18 प्लस आयु वर्ग के नागरिकों को टीका लगाया जा रहा है। रांची में स्लॉट की मुश्किल है।