logo

कोरोना के कारण इस बार झारखंड में नहीं हो सकेगी मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई, ऐसे करायी जाएगी तैयारी और परीक्षा

कोरोना के कारण इस बार झारखंड में नहीं हो सकेगी मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई, ऐसे करायी जाएगी तैयारी और परीक्षा
द फॉलोअप टीम, रांची
कोरोना काल में हर वो काम हो रहा है जो अबतक कभी नहीं होता था। बताने की जरुरत नहीं कि इस जानलेवा वायरस के कारण मार्च महीने से ही स्कूल-कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद हैं। ऐसे में छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। हां, ऑनलाइन क्लास कराकर स्कूल इसकी भरपायी करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन नाकाफी है। क्योंकि बहुत बच्चे ऐसे भी हैं जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है। कहीं कहीं नेटवर्क का इश्यू भी है जिस कारण छात्र ऑनलाइन क्लास लेने से वंचित है। ऐसे में हर राज्य अपने-अपने स्तर से छात्रों की पढ़ाई से लेकर तैयारी और एग्जाम को लेकर नए-नए नियम बना रहे हैं। 

छात्रों की ऐसे करायी जाएगी तैयारी
खबर है कि झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए अब पढ़ाई नहीं, छात्र-छात्राओं का टेस्ट लेकर सीधे तैयारी कराई जाएगी। अगले साल मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं का हर 15 दिन में टेस्ट होगा। इसके तहत छात्र-छात्राओं को व्हाट्सएप के जरिए ऑनलाइन और स्कूल के माध्यम से ऑफलाइन प्रश्न दिए जाएंगे। उसका उत्तर वे ओपेन बुक से पेपर पर लिखकर स्कूल के ड्रॉप बॉक्स में डाल देंगे। इसके बाद शिक्षक उसकी जांच करेंगे और छात्र-छात्राओं को उसे वापस करेंगे। इससे छात्र-छात्राओं को जो समस्या होगी, उसके बारे में वे शिक्षकों से पूछ सकेंगे। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। संशोधित सिलेबस जारी होने के बाद इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 

5 महीने से बाधित है पढ़ाई
कोरोना  महामारी  की वजह से  स्कूल बंद है। इससे सबसे ज्यादा मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले छात्र प्रभावित हो रहे हैं। पांच महीने की पढ़ाई नहीं हो सकी है। अब चार महीने का समय बचा है। इसमें संशोधित कोर्स के आधार पर छात्र-छात्राओं को मैट्रिक और इंटरमीडिएट के परीक्षा के लिए तैयार करना है। मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में छात्र-छात्राओं को कोई परेशानी ना हो,  इसके लिए बचे समय में  हर 15 दिन पर एक टेस्ट लिया जाएगा।  

10 दिनों में हाई और प्लस टू स्कूल के संशोधित सिलेबस होंगे जारी 
मैट्रिक और इंटरमीडिएट की संशोधित सिलेबस के आधार पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल मॉडल पेपर जारी करेगा। जैक शिक्षा विभाग की वेबसाइट के साथ-साथ हर स्कूल में मॉडल पेपर उपलब्ध कराएगा। 15 दिन में होने वाली टेस्ट में भी इन्हीं मॉडल पेपर के प्रश्नों को छात्र छात्राओं से सॉल्व कराए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने जैक को मॉडल पेपर की तैयारी में जुट जाने को कहा है। अगले 10 दिनों में हाई और प्लस टू स्कूल के संशोधित सिलेबस जारी कर दिए जाएंगे। उसके बाद जैक मॉडल पेपर तैयार कर उसे जारी करेगा।