logo

जम्मू-कश्मीर: एयरफोर्स स्टेशन के बाद अब सैन्य छावनी के ऊपर मंडराता दिखा ड्रोन, तलाशी अभियान जारी

10227news.jpg
द फॉलोअप टीम, श्रीनगर: 

जम्मू-कश्मीर के क्षेत्रीय दलों से प्रधानमंत्री मोदी की वार्ता के बाद जैसे आतंकी बौखला गए हैं। हालिया घटनाक्रम में अलगाववादी मानसिकता वाले असामाजिक तत्वों की बौखलाहट साफ दिख रही है। रविवार को जम्मू में एयरफोर्स स्टेशन की टेक्निकल एरिया में 2 धमाका किया गया था। अब सोमवार को जम्मू की कालूचक छावनी इलाके में ड्रोननुमा चीज को मंडराते देखा गया। 

जम्मू की कालूचक छावनी में दिखा ड्रोन
मिली जानकारी के मुताबिक जम्मू के कालूचक छावनी इलाके में सोमवार की सुबह तड़के करीब तीन बजे ड्रोननुमा चीज सैन्य कैंप के ऊपर मंडराती दिखी। सेना के जवानों ने इसके बाद 20 से 25 राउंड फायरिंग की। ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षाबल के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। जवान कैंप के भीतर और बाहर आसपास के उन इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं जहां ड्रोन के गिरने की संभावना हो सकती है। माना जा रहा है कि जवानों ने जो फायरिंग की उससे ड्रोन को जरूर नुकसान पहुंचा होगा और वो नीचे गिरा होगा। उसकी तलाश जारी है। 

आतंकियों ने ड्रोन का इस्तेमाल किया
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शनिवार की देर रात आतंकियों ने ड्रोन की सहायता से जम्मू स्थित एयरफोर्स स्टेशन के टेक्निकल एरिया में विस्फोटक गिराया था। इसमें 2 धमाके हुए थे। कहा जा रहा है कि ये पहली बार है जब पाकिस्तानी आतंकियों ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान को निशाना बनाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया है। उस रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर पहला धमाका हुआ था। दूसरा धमाका इसके ठीक छह मिनट बाद हुआ। धमाके में दो जवान जख्मी हो गये थे। 

एयरफोर्स स्टेशन ब्लास्ट में जांच जारी
फिलहाल उस घटना की जांच जारी है। अधिकारी ये पता लगाने का प्रास कर रहे हैं कि ड्रोन किस हवाई मार्ग से एयरफोर्स स्टेशन परिसर में दाखिल हुआ था। अधिकारी हवाई अड्डा सहित आसपास लगा सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। लेह और लद्दाख के दौरे पर मौजूद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने व्यक्तिगत तौर पर अधिकारियों से मुलाकात करके घटना की जानकारी ली है। 

संदिग्ध गतिविधियों पर है पैनी निगाह
बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के क्षेत्रीय दलों के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की राजधानी दिल्ली में वार्ता के बाद से ही घाटी में आतंकी वारदातों का सिलसिला बढ़ गया है। वहां रविवार को एक पुलिसकर्मी के घर में घुसकर आतंकियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सुरक्षाबल के जवान तमाम एहतियात बरत रहे हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर पैनी निगाह रखी जा रही है।