द फॉलोअप टीम, रांची:
यदि आप फास्ट फूड अथवा स्ट्रीट फूड के शौकीन हैं तो ये खबर आपके लिए है। फास्ट फूड खाना ना केवल आपके हाजमे बल्कि गले के लिए भी नुकसान दायक हो सकता है। ऐसा ही हुआ है राजधानी रांची में एक युवती के साथ। युवती के गले में उस वक्त लोहे का तार फंस गया जब वो बिरयानी खा रही थी। मामला शुक्रवार देर रात का है। गनीमत रही कि युवती के परिजन उसे सही वक्त पर पॉपुलर नर्सिंग होम लेकर पहुंचे जहां डॉ. हर्ष कुमार ने सफलतापूर्वक गले में फंसे लोहे के तार को निकाल लिया।
पॉपुलर नर्सिंग होम में हुआ जटिल ऑपरेशन
राजधानी रांची स्थित पॉपुलर नर्सिंग होम में एक लड़की का जटिल ऑपरेशन किया गया। इंडोस्कोपी पद्दति से लड़की की श्वास नली के ऊपर फंसे 2.5 सेमी लोहे के तार को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। डॉ. हर्ष कुमार और उनकी टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। लड़की का नाम दीपशिखा है। दीपशिखा रांची के कोकर की रहने वाली हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बिरयानी खाने के दौरान दीपशिखा की श्वास नली के ऊपर लोहे की तार चली गई थी। वो दर्द से कराह रही थीं।

बिरयानी के साथ चला गया था लोहे का तार
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दीपशिखा नाम की युवती शुक्रवार की शाम को किसी रेस्तरां में बिरयानी खा रही थीं। अचानक उनको गले में तेज दर्द हुआ। दर्द इतना था कि बर्दाश्त करना मुश्किल था। दर्द से छटपटाती दीपशिखा को लेकर परिजन शहर के अलग-अलग अस्पतालों में गये। पता चला कि दीपशिखा के गले में श्वास नली के ऊपर 2.5 सेमी लंबा लोहे का तार फंसा है। काफी कोशिशों के बाद भी निकल नहीं रहा था। आखिरकार परिजन दीपशिखा को लेकर पॉपुलर नर्सिंग होम पहुंचे। यहां ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर हर्ष कुमार ने त्वरित एक्शन लेते हुए इंडोस्कोपी पद्दति से ऑपरेशन कर दीपशिखा के गले में फंसा लोहे का तार निकाल लिया। तब जाकर दीपशिखा को राहत मिली। उसे तुरंत डिस्चार्ज कर दिया गया।

श्वास नली को नुकसान पहुंचा सकता था तार
इस बारे में ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. हर्ष कुमार ने बताया कि यदि तार लड़की की श्वास नली में चला जाता तो परेशानी हो सकती थी। तार श्वास नली में जख्म कर सकता था। यदि वो पेट में चला जाता तो आंत को नुकसान पहुंचा सकता था। समय रहते हमने वो तार निकाल लिया। डॉ. हर्ष ने बताया कि दीपशिखा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वो ठीक है। खाना खा पा रही है। उन्होंने बताया कि दीपशिखा को एंटी-बायोटिक्स दी गई हैं। आराम करने की सलाह दी गई है। वो बिलकुल ठीक है।
