द फॉलोअप टीम, रांची:
भारत में भले ही मदिरा का प्रचलन काफी पहले से होता आ रहा हो, लेकिन आजादी के बाद से भी अब तक किसी भी सरकार ने इसके पक्ष में खुलकर कुछ नहीं बोला है। देश के कई राज्यों में आंशिक से लेकर पूर्ण रूप तक शराबबंदी लागू है, लेकिन वहां पर भी शराब पी जाती है, और पिलाई जाती है। वर्तमान में झारखंड में काबिज जेएमएम अगुवाई वाली गठबंधन सरकार भी शराब बिक्री पर खुलकर कुछ नहीं बोल पाती है। जबकि जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन (गुरुजी) का एक लंबा वक्त नशा के खिलाफ आंदोलन करने में बीता है। एक वक्त था जब रघुवर सरकार ने शराब बेचने का फैसला लिया था, तो उस वक्त के विपक्ष यानी जेएमएम और कांग्रेस ने इसका खुलकर विरोध किया था। लेकिन सरकार बनते ही अब वही शराब सरकार की मजबूरी क्यों बन गई है। जीएसटी लागू होने के बाद राज्य सरकार के पास राजस्व के साधन घट गये हैं। ऐसे में झारखंड में भी शराब राजस्व का एक बड़ा साधन है। वर्तमान में सरकार को वर्ष 2021 से लेकर नवबंर 2022 तक 1016.70 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है। लेकिन सूत्रों की मानें तो सरकार को लगता है कि शराब से और पैसे कमाया जा सकता है। इसलिए शराब नीति में बदलाव किये जाने को लेकर तैयारी की जा रही है।
पिछले पांच सालों में शराब से कितना मिला राजस्व
वर्ष सरकार का लक्ष्य(करोडों में) राजस्व की प्राप्ति (करोड़ो में)
2015-16 1200 915.68
2016-17 1500 957.62
2017-18 1600 847.24
22018-19 1000 1082.81
2019-2020 1800 2009.26
2020-2021 2300 1821.09
2021-2022 2463 1016.70 (नवंबर तक)
छत्तीसगढ़ के लोग शराब पीने में नबंर 1
झारखंड की तुलना अगर छत्तीसगढ़ से करें तो वहां कम आबादी और कम दुकान होने के बावजूद सरकार को शराब से काफी अधिक राजस्व की प्राप्ति होती है। 2019 से जून 2020 तक शराब के विक्रय से छत्तीसगढ़ की सरकार को 6831 करोड़ 71 लाख 79 हजार 63 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस वर्ष सरकार ने वहां का लक्ष्य 4700 करोड़ रुपये रखा है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 337 देशी और 321 विदेशी शराब दुकानें संचालित हैं। अब सवाल उठता है कि कम दुकान और कम आबादी के बाबजूद वहां सरकार को इतना राजस्व कैसे मिलता है। कोई इसके पीछे सरकार के द्वारा शराब बेचने की नीति को बताता है तो कोई बार की अधिक संख्या। लेकिन एक सच ये भी है कि देश में छत्तीसगढ़ के लोग शराब पीने में नबंर 1 हैं। वहां कि 36.06 प्रतिशत की आबादी शराब का सेवन करती है, जबकि झारखंड में मात्र 6.5 प्रतिशत ही लोग शराब का सेवन करते हैं।
छत्तीसगढ़ में भी शराब सरकार की ताकत
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में पूर्ण शराबबंदी का वादा किया था। पर सत्तासीन होने के बाद से सरकार और संगठन एकाएक पूर्ण शराबबंदी के पक्ष में नहीं दिख रहे हैं। क्योंकि सरकार को एक बड़ा राजस्व शराब से आता है। अब उसी प्रकार अगर झारखंड में देखें तो शराब से राजस्व बढ़ाने के लिए एक तो सरकार को दाम में वृद्धि करनी होगी और साथ ही साथ ये तभी संभव हो पायेगा, जब यहां भी शराब सेवन करने वालों की संख्या में इजाफा हो। कोई भी सरकार राज्य में शराब का सेवन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित नहीं कर सकती। इससे सरकार की छवि खराब हो जायेगी और जनता भी इसका विरोध करेगी।