द फॉलोअप टीम, दुमका :
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा शनिवार को दुमका में प्रेसवार्ता के दौरान दिये बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। सीएम ने राज्य में बढ़ते रेप की घटनाओं के लिये कोरोना संकट को जिम्मेवार ठहराया है। श्री प्रकाश ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का मानसिक दिवालियापन है। अपनी सरकार की विफलताओं एवं आगामी दो उपचुनाव में महाठगबंधन की हो रही हार को देखते हुए हेमंत सोरेन बौखलाहट में अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।
'लोबिन के बयान पर सीएम ने मुहर लगायी'
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता के सवालों से घबरा गए हैं। उनका आत्मविश्वास जवाब दे रहा है। कहा कि पूरे प्रदेश में बहू-बेटियों की इज्जत का बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि कल तक झामुमो के विधायक लोबिन हेम्ब्रम बलात्कार की घटना को बच्चों के समझाने-बुझाने तक ही सीमित रखना चाहते थे, आज तो मुख्यमंत्री जी ने इसपर और बड़ी मुहर लगा दी। उन्होंने कहा कि हर विफलता के लिये केंद्र पर दोषारोपण करनेवाले मुख्यमंत्री ने आज रेप की घटना के लिये कोरोना को दोषी ठहरा दिया। महाठगबंधन का यही चरित्र है। हाथरस की घटना का पहाड़ खड़ा करनेवालों को अपने शासन की घटनाएं छोटी भी लगती हैं और विचलित भी नही करती। जिन्हें राज्य में हर दिन 5 सामूहिक रेप और हत्या, बेटी बहनों की इज्जत से खिलवाड़ की घटनाएं उद्वेलित नही करती। ऐसी सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है।
ट्रांसफर-पोस्टिंग पर भी सवाल उठाया
ट्रांसफर-पोस्टिंग पर भी दीपक प्रकाश ने उठाए सवाल
ट्रांसफर पोस्टिंग के संदर्भ में दीपक प्रकाश ने कहा कि जब से हेमंत सरकार आई है राज्य में 2200 ट्रांसफर हो चुके हैं। कोरोना काल में इतने ज्यादा मात्रा में ट्रांसफर करना अतिरिक्त आर्थिक बोझ की निशानी है। एक तरफ आर्थिक कमियों का रोना रोया जा रहा है और दूसरी तरफ 2200 ट्रांसफर किया जा रहा है, ऐसा क्यों हो रहा है, मुझसे बेहतर आप समझते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में डीएसपी के ट्रांसफर का अधिकार मुख्यमंत्री को है। एक दिन में ट्रांसफर लेटर जारी होता है और छह घंटे के बाद वह वापस हो जाता है।
संथाल में बालू का हो रहा है अवैध कारोबार
दीपक प्रकाश ने कहा कि दुमका समेत संथाल परगना की सड़कों की हालत बदतर हो गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि वहां बालू की तस्करी हो रही है। बालू की तस्करी से मिली अवैध राशि झामुमो की आमदनी का स्त्रोत बन रहा है। उन्होंने कहा कि स्टोन चिप्स का भी अवैध कारोबार संथाल परगना में चल रहा है। वहां 725 अवैध क्रशर हैं जिनका लीज सरकार की ओर नहीं दिया गया है। इन सब अवैध कारोबारियों को संरक्षण झामुमो और सरकार के लोग दे रहे हैं।