द फॉलोअप टीम, गिरिडीह:
जिले के बगोदर थाना क्षेत्र (Bagodar Police Station Area) के जीटी रोड पर गैड़ा के पास शनिवार को एक ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार की मौत हो गई जबकि ऑटो को लेकर चालक फरार हो गया। फिलहाल, बगोदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है।
30 अप्रैल को होने वाली थी बेटे की शादी
मृतक की पहचान औंरगाबाद जिले के नरसिंहा थाना क्षेत्र के रंजीत सिंह के रूप में हुई है। बता दें की मृतक के बेटे की शादी 30 अप्रैल को तय हुई थी। ऐसे में इस घटना ने घर में खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया।
शादी का निमंत्रण दे कर लौट रहे थे रंजीत
जानकारी के अनुसार रंजीत सिंह के बेटे की 30 अप्रैल को शादी तय हुई थी। इस बीच उनकी मौत होने से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। बता दें कि बेटे की शादी का निमंत्रण रिश्तेदारों के यहां देने के लिए रंजीत सिंह अपनी पत्नी के साथ बेरमो गए हुए थे। शनिवार को घर जाने समय उन्होंने पत्नी को बस से भेज दिया और खुद बाइक से औरंगाबाद के लिए चल दिए।
ऑटो ने बाइक में मार दी थी जोरदार टक्कर
इस बीच गन्ना जूस वाले एक ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बगोदर सीएचसी ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बगोदर थाना पहुंची। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।