द फॉलोअप टीम
झारखंड में कोरोना जानलेवा होता जा रहा है। पहले जहां इक्का-दुक्का मरीजों की मौत सामने आती थी। अब मौत के मामलों में भी इजाफा देखा जा रहा है। रोजाना औसतन 4 से 5 मरीजों की जान कोरोना से जा रही है। ताजा जानकारी ये है कि धनबाद सांसद पीएन सिंह के पुत्र के ड्राइवर की मौत कोरोना से हो गई है। वो बरही का रहनेवाला था। इस तरह से राज्य में अबतक 48 मरीजों की मौत कोरोना से हो चुकी है।
शुक्रवार को हुए थे भर्ती
सांसद के बेटे प्रशांत सिंह के ड्राइवर को शुक्रवार को ही कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद धनबाद के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि जिस वक्त उन्हें एडमिट कराया गया था। तभी से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरमुमकिन कोशिश की लेकिन संक्रमण इस कदर चपेट में ले चुका था कि चाहकर भी नहीं बचाया जा सका। भर्ती होने के चंद घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई। खबर है कि सांसद का ड्राइवर भी कोविड वार्ड में भर्ती है और उसकी हालत भी खराब है। दोनों को पिछले 4-5 दिनों से खांसी की शिकायत थी। सांसद पीएन सिंह के बॉडीगार्ड भी कोरोना संक्रमित हैं और उनका इलाज भी सेंट्रल हॉस्पिटल में चल रहा है।
सांसद का बॉडीगार्ड भी संक्रमित
बताया जा रहा है कि बॉडीगार्ड की हालत स्थिर है और धीरे-धीरे वो रिकवर हो रहे हैं। इधर सांसद पुत्र के ड्राइवर की मौत की खबर आने के बाद सांसद के घर में हड़कंप मच गया है। आपको बता दें कि सांसद का धनसार स्थित आवास 14 जुलाई से ही सील है और खुद सांसद 7 जुलाई से होम क्वारंटाइन हैं। ज्यादा उम्र होने के कारण सांसद के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. अबतक उनका दो बार सैंपल लिया जा चुका है। राहत की बात ये है कि दोनों बार उनकी रिपोर्ट निगेटव आई थी।
शुक्रवार को 5 मरीजों की हुई थी मौत
झारखंड में शुक्रवार को 5 कोरोना मरीज जिंदगी की जंग हार गए थे। 5 में से चार मरीज रिम्स में इलाज करा रहे थे। जबकि एक मरीज जमशेदपुर से था। रिम्स में भर्ती चार मरीजों में हजारीबाग का 65 वर्षीय पुरुष और 55 वर्षीय महिला के अलावा पलामू का 37 वर्षीय युवक और गिरिडीह का 64 वर्षीय पुरुष था। वहीं जमशेदपुर में जिस शख्स की मौत हुई है, वो गोलमुरी का 58 वर्षीय का पुरुष था। उसकी रिपोर्ट 12 जुलाई को पॉजिटिव आई थी। सांस लेने में दिक्कत होने के चलते टीएमएच में इलाज के दौरान शख्स ने दम तोड़ा।