द फॉलोअप टीम
कहा जा रहा था कि कोरोना से कम उम्र के लोगों को ज्यादा डरने की जरुरत नहीं है लेकिन अब देखा जा रहा है कि कोरोना से युवा भी ग्रसित हो रहे हैं और उनमें से कइयों की जान तक चली जा रही है। ताजा मामला पश्चिम बंगाल का है। यहां डिप्टी मजिस्ट्रेट देवदत्ता रॉय की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। उनकी उम्र महज 33 साल थी। पश्चिम बंगाल में कोरोना से किसी सीनियर अधिकारी की मौत की ये पहली घटना है। 33 वर्षीया डिप्टी मजिस्ट्रेट देवदत्ता राय हुगली जिले के चंदननगर में पदस्थापित थीं। बताया जा रहा है कि सीरामपुर के एक निजी अस्पताल में सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वे पश्चिम बंगाल सिविल सर्विस वर्ग की 2010 बैच की अधिकारी थी।
कोरोना काल में निभाई थी अहम भूमिका
देवदत्ता को करीब से जाननेवालों की माने तो वो कोरोना काल में उनका काम बेहद सराहनीय था। वो फ्रंटलाइन से लीड करती नजर आ रही थीं। बात चाहे कोरोना ग्रसित एरिया में जाने की हो या फिर प्रवासी श्रमिकों की वापसी का। देवदत्ता रॉय ने अपनी जिम्मेवारी को बखूबी निभाया था। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। देवदत्ता राय को पिछले सप्ताह कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया। पहले उन्होंने खुद को होम क्वारंटाइन रखा लेकिन बाद में जब तबीयत बिगड़ने लगी तो रविवार को अस्पताल में एडमिट कराया गया। पर अफसोस डॉक्टर चाहकर भी उन्हें नहीं बचा सके।
मौत की खबर से अधिकारियों में खौफ
देवदत्ता रॉय की मौत की खबर सुनकर अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारी डरे हुए हैं। किसी को भी यकीन नहीं आ रहा है कि अब वो इस दुनिया में नहीं रहीं। द फॉलोअप की टीम कोरोना वॉरियर देवदत्ता रॉय को श्रद्धांजलि देती है और उनके परिवार के लिए कामना करती है कि वो इस दुख की घड़ी को सह सकें।