logo

कोरोना ने इस परिवार के 6 लोगों की ले ली जान, जानिए ! कैसे शादी वाले घर में मचा कोहराम ?

कोरोना ने इस परिवार के 6 लोगों की ले ली जान, जानिए ! कैसे शादी वाले घर में मचा कोहराम ?
द फॉलोअप टीम
कोरोना के कारण पूरी दुनिया हलकान है। भारत भी उन्हीं 196 देशों में से एक है जो कोरोना से कराह रहा है लेकिन आज हम आपको कोरोना के कारण तबाह हुए एक ऐसे परिवार की दास्तान बताने जा रहे हैं जिसकी हकीकत जानकर आपकी रूह कांप जाएगी। ये दिल दहला देनेवाली घटना है धनबाद के कतरास की। यहां पिछले 15 दिनों में एक परिवार के 6 सदस्यों की बार-बारी से कोरोना ने जान ले ली है। 6 लोगों में एक मां है और 5 उसके बेटे। मां की उम्र 90 साल के आसपास थी, जबकि बेटे की उम्र 55 से 70 के आसपास थी। 
दुनिया का इकलौता मामला
अपने आप में ये शायद दुनिया का इकलौता मनहूस मामला है, जब एक ही परिवार के 6 सदस्य कोरोना के कारण काल के गाल में समा गए। यही वजह है कि न सिर्फ धनबाद और झारखंड बल्कि पूरा देश इस घटना से सकते में है। शायद ही किसी ने सोचा होगा कि इस महामारी से एक हंसता-खेलता परिवार तबाह और बर्बाद हो जाएगा। आपको बता दें कि कतरास के रानी बाजार में रहने वाले परिवार के छठे सदस्य की सोमवार को ही कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। 
खुशी के घर में मातम का बसेरा
धनबाद के कतरास इलाके के रानी बाजार में रहने वाले एक परिवार के छह सदस्यों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। कुछ दिनों पहले जिस परिवार में खुशियां मनायी जा रही थी।  आज उसी परिवार मे मातम छा गया है। परिवार के छह सदस्य कोरोना के काल में समा गये। जो भी इस घटना से रुबरु हो रहा है वह हाय कोरोना हाय कोरोना कर कोरोना को कोस रहा हैं और उस परिवार के लोग की आत्मा की शांति की दुआ कर रहा है। कोरोना ने सबसे पहले 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया था जिसकी मौत बोकारो के एक नर्सिंग होम में चार जुलाई को हुई थी। उसके बाद एक-एक करके महिला के पांच बेटे भी संक्रमण के ऐसे शिकार हुए कि फिर कभी ठीक नहीं हुए।
एक-एक कर 5 बेटों की मौत
महिला की मौत के बाद उनके एक बेटे ने रांची के रिम्स कोविड अस्पताल में दम तोड़ दिया। कुछ दिनों बाद दूसरे बेटे का केंद्रीय अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। तीसरा बेटा, जो धनबाद के एक निजी क्वारंटीन सेंटर में भर्ती था, वहीं उनकी मौत हो गयी. जिसके बाद परिवार सदमें से अभी निकला नहीं था कि एक बार फिर से 16 जुलाई को कोरोना का कहर परिवार पर टूटा और चौथे बेटे की भी टीमएच जमशेदपुर में कैंसर बीमारी के इलाज के दौरान मौत हो गयी। इसी दौरान पांचवां बेटा भी धनबाद के कोविड अस्पताल से रेफर करने के बाद रांची के रिम्स में भर्ती था, जहां सोमवार को उसने अंतिम सांस ली। देखते ही देखते कोरोनाकाल मे एक हंसता हुआ परिवार खत्म हो गया।
नाती की शादी में आई थी महिला
बताया जा रहा है कि नाती की शादी में शरीक होने के लिए 90 साल की बुजुर्ग महिला दिल्ली से कतरास के रानी बाजार आई थी। 27 जून को घर में फंक्शन था लेकिन 26 जून को ही महिला की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में बोकारो के नीलम नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया लेकिन 4 जुलाई को इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। बाद में रिपोर्ट आई तो पता चला कि महिला कोरोना से संक्रमित थी। इसके बाद बारी-बारी से एक-एक कर 5 बेटों की मौत होती चली गई। महिला का 6ठा बेटा दिल्ली में है जिसके बारे में बताया जा रहा है कि वो स्वस्थ है। हम उम्मीद करेंगे कि मौत की आंच उस तक ना पहुंचे।