logo

कोरोना ने स्वर कोकिला शारदा सिन्हा को लिया चपेट में, सोशल साइट के जरिए दी जानकारी, लोगों से की एहतियात बरतने की अपील

कोरोना ने स्वर कोकिला शारदा सिन्हा को लिया चपेट में, सोशल साइट के जरिए दी जानकारी, लोगों से की एहतियात बरतने की अपील
द फॉलोअप टीम, पटना
कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। आम से लेकर खास तक इसकी जद में आ रहे हैं। इस वक्त की बड़ी खबर ये है कि बिहार की मशहूर लोक गायिका और स्वर कोकिला 68 साल की शारदा सिन्हा कोरोना पॉजिटिव पायी गई हैं। थोड़ी देर पहले शारदा सिन्हा ने खुद फेसबुक पर लाइव आकर ये जानकारी साझा की है। शारदा सिन्हा ने फेसबुक पर लाइव आकर कहा कि आप सबों को ये जानकर दुख होगा कि मैं कोरोना महामारी की चपेट में आ गई हूं, जबकि मेरा कोई कॉन्टैक्ट बाहरी लोगों से नहीं हुआ। ऐसा लगता है कि कोरोना खुद घर चलकर आ गया है। इतने एहतियात बरतने के बाद भी कोरोना ने दस्तक दे दी। पद्म भूषण शारदा सिन्हा ने कहा कि मैं तो बस यहीं कहूंगी कि आप सभी अपना खयाल रखें और हर समय अपने हाथ को धोएं, ताकि आप इन चीजों से बचे रहें। आपकी दुआएं मेरे लिए बहुत जरूरी हैं। मैं अभी जा रही हूं, जब लौटूंगी तो आप सबों के सामने आउंगी। आप सबों की दुआएं मुझे अपेक्षित हैं।

पटना में रहती हैं शारदा सिन्हा
शारदा सिन्हा बिहार की राजधानी पटना की रहने वाली हैं। वो देश दुनिया में बेहद लोकप्रिय लोक गायिका हैं। उन्होंने अबतक हिन्दी, भोजपुरी और मैथिली समेत कई भाषाओं में गाना गाया है। अपने समय की ब्लॉकबस्टर फिल्म मैंने प्यार किया में भी शारदा सिन्हा ने गाना गाया है। वो गाना आज भी लोगों की जुबां पर है। खास तौर पर उनकी पहचान छठ गीतों के लिए होती है। कहते हैं कि शारदा सिन्हा के गाए गीत सुनकर ही पता चलता है कि छठ पर्व आ गया है। शारदा सिन्हा को कला के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए भारत सरकार ने 26 जनवरी 2018 को देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म भूषण से उन्हें सम्मानित किया था। इसके अलावा वर्ष 1991 में, उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2001 में, उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2015 में, उन्हें बिहार सरकार द्वारा सिनेयात्रा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

शारदा सिन्हा के प्रशंसक कर रहे दुआ
जब से शारदा सिन्हा के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आई है। उनके प्रशंसक दुआ मांग रहे हैं कि वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। उनके फेसबुक लाइव के दौरान ही हजारों प्रशंसकों ने पोस्ट कर उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है। शारदा सिन्हा मूल रूप से बिहार के सुपौल की रहनेवाली हैं। उनका जन्म 1 अक्टूबर 1952 को सुपौल जिले के हुलास गांव के एक समृद्ध परिवार में हुआ है। उनके पिता सुखदेव ठाकुर शिक्षा विभाग में एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। उनके पति का नाम डॉ. ब्रजकिशोर सिन्हा है। शारदा सिन्हा के बेटे का नाम अंशुमन सिन्हा जबकि बेटी का नाम वंदना है।