logo

RAIL IN GODDA: निशिकांत दुबे की क्रेडिट लेने की कोशिश बचकानी हरकत: कांग्रेस

7276news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
द फॉलोअप ने दोपहर ही बताया था, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के बीच हाथापाई। इस खबर में बताया गया था कि बरसों की हसरत जब गोड्डा में अकार लेने जा रही थी, फिजा में खुशियों की बहार थी, तभी सियासत की कुटीलताओं ने ऐतिहासिक पल में किस तरह भंग डाल दी। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के बीच हाथापाई तक हो गई। इसे प्रदेश कांग्रेस ने निशिकांत दुबे की क्रेडिट लेने की कोशिश को बचकानी हरकत कहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और डॉ. राजेश गुप्ता छोटू ने गोड्डा में रेल सेवा शुरू होने को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के व्यावहार को बचकानी हरकत और संघीय ढांचे की भावना के विपरीत बताया है। 

सीएम हेमंत और वित्त मंत्री रामेश्वर के प्रति जताया आभार
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं ने झारखंड में रेल परियोजनाओं के विस्तारीकरण के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्तमंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के प्रति आभार व्यक्त किया है। कहा कि गोड्डा-दिल्ली हमसफर रेल लाइन के लिए वर्ष 2012 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकाल में राज्य सरकार और रेलवे के बीच एक एमओयू हुआ, जिसके कारण राज्य में रेल सेवा के विस्तार को लेकर झारखंड सरकार की ओर से भी आधी राशि देने का निर्णय लिया गया। लेकिन अब जब परियोजनाएं पूरी हो गयी, तो हर बार की तरह भाजपा सांसद निशिकांत दुबे क्रेडिट लेने की होड़ में जुट गये। 

निशिकांत के कारण रुकी गोड्डा-रांची रेल परियोजना
प्रवक्ताओं ने कहा कि निशिकांत दुबे की आरंभ से ही सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की आदत रही है। जबकि उनकी वजह से ही गोड्डा-पिरपैंती रेल परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हुई, वहीं गोड्डा-रांची रेल परियोजना को लेकर भी उनकी ओर से कोई प्रयास नहीं किया गया। लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से हमसफर एक्सप्रेस को लेकर इस तरह का माहौल बनाने की कोशिश में थे कि क्षेत्र में आपसी वैमनस्यता उत्पन्न हो। वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने रेलवे परियोजनाओं की झारखंड में विस्तारीकरण के लिए लगभग ₹3500 करोड़ से अधिक की राशि आवंटित करने का फैसला किया है।