logo

महागठबंधन में कांग्रेस कटघरे में, शिवानंद तिवारी ने हार का ठीकरा राहुल गांधी पर फोड़ा

2428news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना
महागठबंधन की हार के बाद कांग्रेस को निशाने पर लिया गया है। टारगेट पर राहुल गांधी हैं। राजद ने बिहार चुनाव की हार का ठीकरा राहुल गांधी पर फोड़ दिया है। राजद के सीनियर लीडर शिवानंद तिवारी  ने कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने बिहार चुनाव को हल्के में लिया। शिवानंद तिवारी ने कहा कि प्रियंका गांधी बिहार क्यों नहीं आईं? कांग्रेस ने राजद का हांथ ऐंठकर जबरन 70 सीट ले लिया, जबकि पार्टी 70 चुनावी सभा भी नहीं कर पाई।

शिवानंद तिवारी ने राहुल पर उठाए सवाल
राहुल गांधी की क्षमता पर शिवानंद तिवारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि पीएम मोदी ने एक दिन में 3-4 सभाएं की, जबकि राहुल की उम्र उनसे कम है। बावजूद इसके उन्होंने एक दिन में दो ही सभा क्यों की? कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में भी यही किया था। अखिलेश की उदारता का फायदा उठाया और अब बिहार में तेजस्वी ने भी उदारता दिखाई और ज्यादा सीटें दे दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा अतीत में खोई रहनेवाली पार्टी है।

कांग्रेस ने किया पलटवार
वहीं शिवानंद तिवारी के आरोपों पर कांग्रेस विधायक  शकील अहमद ने पलटवार करते हुए कहा कि शिवानंद तिवारी कांग्रेस के विरोध में राजनीति की शुरुआत की थी। बीजेपी के सहारे वे राज्यसभा गए थे। आज इस तरह की बात करने का समय नहीं है। राजद को इस तरह के बयानों पर संज्ञान लेना चाहिए। तेजस्वी सभी सहयोगी दलों को एक मुट्ठी मानते हैं और उनके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे है। सभी को इस तरह के बयान से बचना चाहिए 

कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी का दौर
हालांकि महागठबंधन में चुनाव के बाद यह बयानबाजी का शुरुआती दौर माना जा रहा है। खास कर कांग्रेस पर क्योंकि बिहार कांग्रेस के कई नेता पहले से ही बिहार के बड़े नेताओं को अपने टारगेट पर रखे हुए थे। अब चुनाव में हार ने उन्हें एक बड़ा मौका दे दिया है। लेकिन सहयोगियों का एक-दूसरे पर हमला करना यह भी बताता है कि अंदरखाने में सब ठीक नही है और आनेवाले दिन में टकराहट और बढ़ सकती है।