द फॉलोअप टीम, रांची:
क्या झारखंड में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई जायेगी। सबसे मन में ये सवाल है कि क्या स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत 22 से 29 अपैल तक लगाई गयी लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई जायेगी। ये सवाल इसलिए भी अहम है क्योंकि गुरुवार की सुबह 6 बजे लॉकडाउन की अवधि समाप्त हो रही है। इस बीच राज्य में कोरोना संक्रमण की हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ी है।
रांची में आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक
बुधवार को राजधानी रांची में आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सह आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता भी शामिल होंगे। बैठक में सीएम हेमंत सोरेन विभागीय मंत्री और वरीय अधिकारियों के साथ प्रदेश में कोरोना संक्रमण की हालात की समीक्षा करेंगे। हो सकता है कि इस बीच लॉकडाउन को लेकर कोई बड़ा फैसला किया जाये।
झामुमो-कांग्रेस ने की लॉकडाउन की मांग
सरकार में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की तरफ से राज्य में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने की मांग की जा चुकी है। मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने मांग की है कि प्रदेश में लॉकडाउन की अवधि और सात दिन के लिए बढ़ाई जानी चाहिए। प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि लॉकडाउन को बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को 14 दिन बाद हालात की समीक्षा करनी चाहिए। स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह लगाये जाने से अब तक संक्रमितों की संख्या 15 फीसदी से ज्यादा रही है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।
राज्य में बढ़ी है कोरोना मरीजों की संख्या
बता दें कि राज्य में मरीजों की संख्या बढ़ी है। मौत का आंकड़ा भी बढ़ा है। मंगलवार को राज्य में 131 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गयी। 21 अप्रैल को राज्य में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 35 हजार 826 थी। ये 27 अप्रैल तक 51 हजार 252 हो गयी। 22 से 27 अप्रैल के बीच 30 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। यदि प्रदेश में कोरोना को काबू में करना है तो लॉकडाउन की अवधि बढ़ानी होगी। कई राजनेताओं का ये मानना है। यही नहीं वैक्सीनेशन की रफ्तार भी बढ़ानी होगी।