logo

सीएम हेमंत सोरेन का एलान! 1 महीने तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद, शादी में केवल 50 लोग होंगे शामिल

7517news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति और इसकी रोकथाम पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा बयान दिया है। हेमंत सोरेन ने एलान किया है कि अगले महीने के लिए राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थान अगले 1 महीने के लिए बंद कर दिए गए हैं। शादी में अधिकतम 50 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गयी है। पहले ये संख्या 200 तक निर्धारित की गयी थी। 

भीड़ वाले कार्यक्रमों को नहीं मिलेगी इजाजत
सीएम ने कहा कि राज्य में किसी भी तरह का सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा जहां भीड़ जुटने की संभावना होगी। सीएम हेमंत सोरेन ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलें। हेमंत सोरेन ने ये भी कहा कि लोगों को अधिक सतर्कता बरतनी होगी। जागरूक होकर कोरोना के खिलाफ लड़ना होगा। इससे पहले राज्य में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा भी रद्द कर दी गयी है। प्रायोगिक परीक्षा पहले ही रद्द की जा चुकी है। 

महीने की शुरुआत में बंद हुआ था जिम और पार्क
इस महीने की शुरुआत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य सचिव केके सोन, तमाम विभागों के सचिव सहित जिलाधिकारियों के साथ मीटिंग की थी। उस मीटिंग के बाद सरकार ने राज्य में जिम, पार्क औऱ स्विमिंग पुल को बंद करने का फैसला किया था। उस वक्त शादियों में 200 लोगों की संख्या निर्धारित की गयी थी लेकिन अब केवल 50 लोगों को ही शादी समारोह में शामिल होने की इजाजत दी जायेगी। 

सर्वदलीय बैठक में सोशल लॉकडाउन का सुझाव
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन की मांग की थी। वित्त मंत्री सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने सुझाव दिया था कि राज्य में आर्थिक की बजाय सामाजिक लॉकडाउन लगाया जाए। उन्होंने कहा कि दुकानों को बारी-बारी से खोलने पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा था कि आर्थिक लॉकडाउन से स्थिति और खराब होगी।