द फॉलोअप टीम, रांची
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को यह आश्वस्त किया कि झारखण्ड में चौथे स्तंभ की रक्षा के लिए उनकी सरकार गंभीर है। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र सिंह से कहा कि पत्रकार पेंशन योजना का लाभ ज़रूरतमंद पत्रकारों को मिले, इसे लेकर वे त्रुटियों को जल्द दूर करेंगे। संगठन के संस्थापक शाहनवाज़ हसन ने पत्रकार सुरक्षा कानून का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाते हुए झारखण्ड के समस्त जिलों में पत्रकार सुरक्षा कानून समिति के गठन करने की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस पर कानूनी पहलुओं पर विचार करते हुए जल्द निर्णय लेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को मांगपत्र भी सौंपा
झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने झारखण्ड के विभिन्न जिलों में गंभीर रूप से बीमार पत्रकारों को आर्थिक सहायता एवं दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को मुआवजा देने संबंधी एक मांगपत्र भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को सौंपा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अपनी स्वीकृति प्रदान की। यह पहला अवसर है, जब झारखण्ड में गंभीर रूप से बीमार पत्रकारों को आर्थिक सहयोग किसी सरकार द्वारा किया जा रहा है। इससे पूर्व पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा अपने प्रथम कार्यकाल में लागू किया था।
सीएम से मिलनेवाले ये पत्रकार
मुख्यमंत्री से मिलनेवालों में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव शाहनवाज़ हसन, झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रांची जिला अध्यक्ष आलोक सिन्हा एवं उर्दू दैनिक अल्वतन टाइम्स के पत्रकार नईमुल्लाह खान मुख्य रूप से मौजूद थे।