logo

मुख्यमंत्री मोरहाबादी मैदान में फहराएंगे तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर होगा मुख्य समारोह का आयोजन

मुख्यमंत्री मोरहाबादी मैदान में फहराएंगे तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर होगा मुख्य समारोह का आयोजन
द फॉलोअप टीम, रांची :  रांची के मोरहाबादी मैदान में 15 अगस्त को सुबह 09 बजे स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राष्ट्रध्वज फहराएंगे। गृह मंत्रालय द्वारा दिये गये दिशा-निर्देश के आलोक में कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में सीमित व्यक्तियों की सहभागिता के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाना है। इसके मद्देनजर समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रांची के डीसी छवि रंजन की अगुवाई में गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। 

परेड निरीक्षण का जायजा लिया
फुल ड्रेस रिर्हसल के दौरान परेड का निरीक्षण छवि रंजन, एसएसपी  सुरेन्द्र झा मौजूद थे। दोनों ने सभी परेड पार्टियों के प्रदर्शन का मुआयना किया। इस दौरान परेड के बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। परेड निरीक्षण के बाद डीसी ने कार्यक्रम स्थल का मुआयना कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।

कोरोना वॉरियर्स को विशेष आमंत्रण
डीसी छवि रंजन ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन कोविड संक्रमण के बीच मनाया जा रहा है। समारोह में कोराना वॉरियर्स, डॉक्टर्स, पुलिसकर्मी, हेल्थ वर्कर्स और जिन्होंने कोरोना को मात दी है, उन्हें विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। डीसी ने बताया कि इस बार समारोह के लिए किसी भी तरह का पास इश्यू नहीं किया जा रहा है। डीसी ने आमजनों से कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन की अपील करते हुए कहा कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री का भाषण टीवी या यू-ट्यूब चैनल पर देखें, मोरहाबादी मैदान में एकत्रित न हो।