logo

बिहार में 1 जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर दी जानकारी

8881news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना: 
बिहार में 1 जून तक लॉकडाउन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मिली जानकारी के मुताबिक आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक के बाद नीतीश सरकार ने ये फैसला किया। बीते काफी समय से बिहार में ये सवाल उठ रहा था कि लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई जाएगी या पाबंदियों में ढील दी जाएगी। अब स्पष्ट हो गया कि लॉकडाउन जारी रहेगा। 

ऑफिशियल ट्विटर के जरिए दी जानकारी
नीतीश कुमार ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट के जरिए इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि "कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए पांच मई को तीन सप्ताह का लॉकडाउन लगाया गया था सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। लॉकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा। संक्रमण में कमी दिखी। बिहार में लॉकडाउन को 25 मई के आगे 1 सप्ताह के लिए अर्थात 1 जून 2021 तक जारी रखने का फैसला किया गया। पदाधिकारियों ने सहमति जताई"। 

अधिकारियों से चर्चा के बाद ही लिया फैसला
मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रीमंडल के सदस्यों सहित आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों से इस बारे में जवाब मांगा था। उनकी राय पूछी थी। सभी विभागों ने एक स्वर में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने पर सहमति जताई थी। मंत्रियों और अधिकारियों का ये मानना है कि संक्रमण चेन तोड़ने के लिए जरूरी था। 

बिहार के गावों में फैल गया है कोरोना संक्रमण
गौरतलब है कि बिहार के गावों में कोरोना संक्रमण के साथ-साथ ब्लैक फंगस फैल चुका है। पिछले कुछ समय से जरूर रोजोना मिलने वाले मरीजों की संख्या में कमी आई है लेकिन मृतकों का आंकड़ा बढ़ा है। बिहार में बीते 24 घंटे में 4 हजार से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले। बिहार सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना गाइडलाइन का पालन करें। वैक्सीन लगवाएं।