द फॉलोअप टीम, रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर वैक्सीन की मांग की है। सीएम ने पत्र में लिखा है 18 से 44 आयु के 1 करोड़ 57 लाख लोगों के लिए वैक्सीन मुफ्त में उपलब्ध कराई जाए। राज्य की हालत ठीक नहीं है और सीमित संसाधनों के कारण वैक्सीनेशन पर करीब 1100 करोड़ रुपये का खर्च उठाने में समर्थ नहीं है। राज्य की सहायता की जरूरत है।
सीएम ने केंद से मांगी है मदद
सीएम ने केंद्र सरकार से राज्य पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को कम करने के लिए भी मदद मांगी है। कम टीकों की आपूर्ति बड़ी चुनौती बन गई है। पीएम को लिखे पत्र में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि आने वाले समय में 12-18 आयु के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू होगा। जिसमें फिर से 1000 करोड़ का खर्च होगा। यह झारखंड के लिए बेहद मुश्किल होगा। क्योंकि कोरोना काल में राज्य के वित्तीय संसाधन पहले ही बोझ सह रहे हैं।
वैक्सीन सप्लाई हो प्राथमिकता
अपने पत्र में सीएम ने लिखा है वैक्सीनेशन ही महामारी को कंट्रोल कर सकती है। इसलिए ज़रूरत के मुताबिक राज्य को वैक्सीन सप्लाई को प्राथमिकता दी जाना चाहिए। सोरेन ने इस बात से भी अवगत कराया कि 'आज़ाद भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि टीकाकरण के लिए राज्यों पर वित्तीय ज़िम्मेदारी डाली गई जबकि सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए केंद्र को मुफ्त वैक्सीन देना चाहिए। फिलहाल जिस तरह से राज्य को वैक्सीन दी गई उससे वैक्सीनेशन अपेक्षा अनुसार नहीं हुआ लेकिन तीसरी लहर को कन्ट्रोल करने के लिए वैक्सीन मिलना ही चाहिए।