द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
काबुल में फिर बम धमाके की खबर है। इस हमले में 19 लोगों की मौत हो गई है. जबकि, 50 लोग जख्मी हुए है। घटना सरदार मोहम्मद दाउद खान मिलिट्री हॉस्पिटल की है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक ब्लास्ट के बाद बंदूक चलने की आवाज सुनाई दी और इसके बाद दूसरा धमाका हुआ।बता दें कि काबुल पर तालिबान के कब्जा के बाद से ही अफगानिस्तान में लगातार बम धमाके हुए हैं। इन धमाकों में अब तक 250 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 400 लोग घायल हुए हैं।

अभी तक किसी ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है हालांकि इस हमले के पीछे भी इस्लामिक स्टेट ऑफ खोरासन का हाथ बताया जा रहा है।सरकारी बख्तर समाचार एजेंसी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया है कि इस्लामिक स्टेट के कई लड़ाके अस्पताल में दाखिल हुए और सुरक्षा बलों से भिड़ गए थे।

तालिबान के उप प्रवक्ता बिलाल करीमी ने मीडिया को बताया है कि क्षेत्र में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि इससे पहले, आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता सईद खोस्ती ने कहा था कि विस्फोटों में हताहत हुए थे, लेकिन मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं की थी।