logo

रिम्स में तैयार किया गया ब्लैक फंगस वार्ड, जानिए! क्या-क्या होता है इस बीमारी का लक्षण

रिम्स में तैयार किया गया ब्लैक फंगस वार्ड, जानिए! क्या-क्या होता है इस बीमारी का लक्षण
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या में दिनों-दिन इजाफा हो रहा है। ऐसे में रिम्स ने ब्लैक फंगस को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। रिम्स के डेंगू वार्ड को अब ब्लैक फंगस वार्ड बना दिया गया। इस वार्ड में 36 रोगियों का एक साथ इलाज होगा। यहां खासतौर पर ब्लैक फंगस के मरीजों का इलाज होगा। 

रिम्स के डेंगू वार्ड को बनाया ब्लैक फंगस वार्ड
रिम्स में कोरोना टास्क फोर्स के डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के दूसरी लहर में जिस तरह लोगों की जान बचाने के लिये स्टेरॉइड्स का उपयोग हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है की ब्लैक फंगस के रोगियों की संख्या भी तेजी से बढ़ेगी। इसलिए रिम्स ने तैयारियां शुरू कर दी है। 

क्या होता है ब्लैक फंगस बीमारी का लक्षण
कोरोना से ठीक हुए मरीजों के अगर 15 दिन के अंदर आंखों के चारों ओर सूजन दिखाई देते है, पुतलियों के मूवमेंट्स में परेशानी हो रही है, थूक के साथ काला पदार्थ आ रहा हो, नाक से खून बह रहा हो। अगर ऐसे लक्षण मरीज में दिखते है तो यह ब्लैक फंगस हो सकते है। कोरोना से ठीक हो चुके मरीज की आंखें अगर ज्यादा लाल दिखाई पड़ती है तो भी डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए। 

कैसे हो जाती है ब्लैक फंगस की बीमारी
ब्लैक फंगस का एक और नाम है म्यूकरमाइकोसिस। यह आम लोगों के साइनस में भी रहता है लेकिन शरीर के प्रतिरोधी क्षमता के कारण कुछ कर नहीं पाता। डॉक्टरों के अनुसार इस वक्त ब्लैक फंगस खतरनाक इसलिए हो गया है क्योंकि कोरोना के गंभीर मरीज की जान बचाने के लिए डॉक्टर हाई डोज स्टेरॉयड का उपयोग कर रहे हैं। इस वजह से शरीर में ब्लड शुगर की मात्रा तेजी से बढ़ती है। डायबिटिक होना ब्लैक फंगस को बढ़ने का मौका देता है और साइनस, फेफड़े, आंख और फिर ब्रेन तक पहुंचकर फंगस का इंफेक्शन पहुंचाने लगता है। ये चिंता का विषय है। 

ब्लैक फंगस को घोषित किया जाएगा महामारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब ब्लैक फंगस को भी महामारी घोषित करने की तैयारी चल रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इससे जुड़ा एक प्रस्ताव सीएम हेमंत सोरेन के पास भेजा है। सीएम की मंजूरी के बाद कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति के बाद इसे महामारी घोषित कर दिया जाएगा। भारत के कई राज्यों में ये समस्या है। राजस्थान में इस बीमारी को महामारी घोषित किया गया है।