द फॉलोअप टीम, रांचीः
राज्य में कोरोना (Corona) का संक्रमण दिन प्रतिदिन कम होता नज़र आ रहा है। अब राज्यवासियों को नई विपदा का सामना करना पड़ रहा है। झारखण्ड में ब्लैक फंगस (Black Fungus) के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से बीमार कोरोना संक्रमित मरीज पर स्टेरॉयड का इस्तेमाल और डायबिटीज के चलते पोस्ट कोविड (Covid) में ब्लैक फंगस का दायरा बढ़ गया है। मौजूदा स्थिति यह है कि राज्य के 24 जिलों में से 15 जिलों में ब्लैक फंगस के मरीज मिल चुके हैं और एक दिन में चार लोगों की मौत ब्लैक फंगस के कारण हुई है। अब तक राज्य में ब्लैक फंगस से मरने वालों की संख्या आठ हो गई है।
इन अस्पतालों में हो रहा इलाज
राज्य में ब्लैक फंगस से लड़ने के लिए कई बड़े अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमे से रांची के रिम्स, मेडिका (Medica) और रामप्यारी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (Rampyari Super Specialty Hospital) के साथ साथ जमशेदपुर के एमजीएम और टीएमएच में ब्लैक फंगस से पीड़ित मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग (health Department) ने बताया कि रिम्म(RIMS) के डेंगू वार्ड (Dengue ward) को वर्तमान में ब्लैक फंगस वार्ड बनाया गया है, जहां 15 मरीज भर्ती हैं। इसके साथ ही टीएमएच में 12 ब्लैक फंगस के मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि रिम्स में दो, टीएमएच और मेडिका में एक-एक ब्लैक फंगस मरीज की मौत हुई है।