logo

भाजपा युवा मोर्चा ने CM को लिखी चिट्ठी, झारखंड के पत्रकारों को कोरोना योद्धा घोषित करने की रखी मांग

8518news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने झारखंड में पत्रकारों को कोरोना योद्धा घोषित करने की मांग की है। भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चिट्ठी भी लिखी है। मांग की गई है कि पत्रकारों को कोरोना योद्धा घोषित किया जाए। उनके आश्रितों को मुआवजा मिले। ऑन ग्राउंड ड्यूटी निभा रहे पत्रकारों को निशुल्क बीमा योजना का लाभ दिया जाये ताकि आर्थिक तंगी ना हो। 

सीएम हेमंत सोरेन को लिखी चिट्ठी
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता रितेश सिंह ने ये चिट्ठी लिखी है। उन्होंने लिखा कि कोरोना काल में पत्रकार समाज को जागरूक करते हुए निष्ठापूर्वक अपना काम कर रहे हैं। इस कोरोना महामारी में अब तक राज्य में 22 से भी ज्यादा पत्रकारों की मौत हो चुकी है। कई युवा पत्रकार जो दिवंगत हुए उनकी आर्थिक स्थिति देखकर दुख होता है। आश्रित काफी मुश्किल में हैं। 

पत्रकारों को मिले आर्थिक सहायता
रितेश सिंह ने आगे लिखा कि अनेक पड़ोसी राज्यों ने पत्रकारों को कोरोना योद्धा घोषित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आपसे अनुरोध है कि झारखंड में भी पत्रकार बंधुओं को कोरोना योद्धा घोषित किया जाए। इस महामारी में दिवंगत हुए पत्रकार साथियों के आश्रितों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। रितेश सिंह ने कहा कि कोरोना योद्धा घोषित करने से पत्रकारों तथा उनके आश्रितों को बीमा योजना का लाभ मिल सकेगा। आर्थिक परेशानी नहीं होगी।