logo

झारखंड: BJP ने दिया वर्चुअल धरना, मुख्यमंत्री से की किसानों को क्रय धान के भुगतान की मांग

झारखंड: BJP ने दिया वर्चुअल धरना, मुख्यमंत्री से की किसानों को क्रय धान के भुगतान की मांग
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड बीजेपी के तमाम विधायकों, सांसदों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल धरना दिया। बीजेपी नेता और कार्यकर्ता झारखंड में सरकार द्वारा किसानों का धान नहीं खरीदे जाने और खरीदे गए धान का भुगतान अभी तक नहीं होने का विरोध कर रहे थे। इस दौरान तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तख्तियां ले रखी थी जिसमें कई सारी बातें लिखी गयी थीं। रांची विधायक सीपी सिंह भी अपने आवास में वर्चुअल धरने पर बैठे। उन्होंने किसानों को अविलंब भुगतान करने की मांग की। 

बीजेपी प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू की विज्ञप्ति
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की। इसमें कहा गया कि नंबवर 2020 में किसानों ने जो धान बीज खरीदा था उसके क्रय मुल्य का भुगतान अभी तक नहीं किया गया। जानकारी के मुताबिक बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में प्रदेश से लकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने अपने आवासीय परिसर में धरना दिया। इनकी मांग थी कि किसानों की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान किया जाये। 

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने दिया धरना
भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर नवंबर में किसानों से धान खरीदा गया। 8 दिन बाद वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने धान की खरीद पर रोक लगा दी। उन्होंने तर्क दिया कि धान अभी गीला है, सूखने पर खरीदा जायेगा। नवंबर महीने में खरीदे गए धान का भुगतान अभी तक नहीं किया गया। कहीं-कहीं किसानों को केवल आधी राशि का भुगतान किया गया। अब धान बोने का समय आ चुका है। किसान आस में है कि सरकार धान खरीदेगी। 

किसान धान खरीदे जाने की आशा में हैं
बीजेपी ने कहा कि किसान इस आशा में हैं कि सरकार उनका बचा हुआ धान खरीदेगी। अब बीज बोने का वक्त आ चुका है। यदि सरकार ने किसानों से उनका धान नहीं खरीदा तो इसे औने-पौने दाम में बिचौलिये के हाथ बेचने को मजबूर होना पड़ेगा। कई किसानों के घर में पड़े-पड़े धान खराब हो गया। बीजेपी का कहना है कि ऐसी परिस्थिति में किसान काफी हताश और निराश हैं। पार्टी ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में भी कोरोना तेजी से फैल रहा है। किसान पैसे के अभाव में इलाज नहीं करवा पाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त में बीज की खरीदारी कैसे हो पायेगी। 

किसानों की बकाया राशि का अविलंब हो भुगतान
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने अपने आवासीय परिसर में धरना दिया। दीपक प्रकाश ने ट्वीट कर अपनी तस्वीर साझा की और लिखा कि झारखंड की किसान विरोधी सरकार को जगाने के लिए आज बीजेपी झारखंड के प्रदेश भर के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि कोरोना नियमों का पालन करते हुए धरना दे रहे हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि हम सरकार से मांग करते हैं कि किसानों को उनकी फसल की बकाया राशि और खेती के लिए बीज-खाद अविलंब दिया जाए। 

बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर की ये मांग
बीजेपी विधायक दल के नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी ट्वीट कर किसानों का समर्थन किया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि केंद्र सरकार ने किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए पीएम किसान योजना की 8वीं किस्त जारी की। झारखंड के 13 लाख किसानों को इसका फायदा मिला। वहीं झारखंड सरकार ने पिछली सरकार की मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को बंद कर बता दिया कि वो किसानों की कितनी हितैसी है। 

किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराये सरकार
बाबूलाल मरांडी ने एक और ट्वीट किया जिसमें लिखा कि मैं राज्य सरकार से निवेदन करता हूं कि वो किसानों की धान बिक्री का अविलंब भुगतान करायें। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अब खरीफ फसल का वक्त आ गया है। किसानों को आवश्यक्तानुसान बीज और खाद उपलब्ध करवायें ताकि किसानों को ऊंची कीमत ना देनी पड़े।