logo

पैसों के दम पर विधायक खरीदने का षड़यंत्र करने का सोच रही है भाजपा : हेमंत सोरेन

2006news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची : 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश द्वारा तीन महीने में सरकार बदलने का बयान तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को एक ओर दीपक प्रकाश और दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने एक दूसरे पर प्रेस वार्ता के जरिये निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा भाजपा का भरोसा लोकतंत्र से उठ गया है। जिस प्रकार अन्य राज्यों में चुनी गई सरकार को उन्होंने गिराने का काम किया है, कुछ वैसी ही मंशा उनकी झारखंड में भी है। उन्होंने कहा कि हॉर्स ट्रेंडिंग को और धन-बल से लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास निंदनीय है। वे चुनाव प्रचार के अखिरी दिन प्रेस को संबोधित कर रहे थे। 
बता दें कि इन सब सियासी जंग के केंद्र में झारखंड उपचुनाव हैं। दुमका और बेरमो विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को वोट डाले जाने हैं। रविवार को चुनाव के लिए प्रचार प्रसार थम गया। मुख्यमंत्री ने लोगों से मतदान करने की अपील भी की है। 

दीपक प्रकाश पर दर्ज मुकदमें की आगे जांच भी होगी – 
हेमंत सोरेन ने कहा कि दीपक प्रकाश पर दर्ज देशद्रोह का मुकदमा वापस नहीं लिया जाएगा। इस तरह का बयान नया नहीं है, पूरे मामले की जांच भी होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा की यह आदत रही है। लेकिन उनका यह मंसूबा झारखंड में कामयाब नहीं हो सकेगा। हालांकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक खरीदने जैसी कीसी भी चीज से इनकार किया है। द फॉलोअप के संवाददाता के पूछने पर उन्होंने कहा कि झामूमों के भीतर अंतरविरोध के कारण सरकार गिरेगी।