द फॉलोअप टीम, पटना
कोरोना वायरस लगातार लोगों को निगलता जा रहा है। आम हो या खास कोई इससे अछूता नहीं है। यूपी के दो मंत्री तक इस वायरस की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। अब खबर है कि बिहार सरकार के मंत्री खुर्शीद आलम की पत्नी ने कोरोना से दम तोड़ दिया है। मंत्री खुर्शीद आलम की पत्नी कई दिनों से बीमार थी और उनका इलाज पटना के एम्स में चल रहा था। बताया जा रहा है कि खुर्शीद आलम की पत्नी की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी और आज उन्होंने दम तोड़ दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनकर मंत्री के और उनका पूरा परिवार गमगीन है। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा है कि अचानक ये सब कैसे हो गया।
नीतीश, तेजस्वी ने जताया शोक
मंत्री खुर्शीद आलम की पत्नी की मौत की खबर सुनने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संवेदना जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ऊपरवाले परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि यह दुखद घड़ी है। पर ऐसे मौकों पर हम लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े है। आपको बता दें कि खुर्शीद आलम बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हैं।
आज फिर मिले 1922 नए संक्रमित
इधर बिहार में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरूवार को जारी आंकड़े के अनुसार आज एक बार फिर बिहार में कोरोना के 1922 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि अब बिहार में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 18029 हो गयी है। आज पटना में कोरोना से संक्रमित 255 नए मरीज मिले हैं। जबकि अररिया में 121, भागलपुर में 103, पूर्वी चंपारण में 81, किशनगंज में 50, मधुबनी में 121, मुजफ्फरपुर में 113 और सुपौल में कोरोना के 59 नए मरीज मिले हैं।