द फॉलोअप टीम, पटना:
कोरोना संक्रमण की बेकाबू होती रफ्तार के बीच बिहार सरकार ने बड़ा फैसला किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में संपूर्ण लॉकडाउन का फैसला किया है। बिहार में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए 15 मई तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। इसकी वजह ये है कि बिहार में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शहरों, कस्बों और गावों तक फैल चुकी है।
सीएम नीतीश कुमार ने किया ट्वीट
सीएम नीतीश कुमार ने इस बारे में ट्वीट भी किया। नीतीश कुमार ने लिखा कि "कल सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ चर्चा के बाद बिहार में फिलहाल 15 मई 2021 तक लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया। इसके विस्तृत मार्गनिर्देशिका एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में आज ही आपदा प्रबंधन समूह को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया"। बिहार में मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।
बिहार में संक्रमण की रफ्तार बेकाबू
बिहार में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर बेकाबू हो चुकी है। संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कई समूहों और संगठनों ने प्रदेश में लॉकडाउन की मांग उठाई थी। सोमवार को पटना हाईकोर्ट ने भी पूछा कि बिहार में कब लॉकडाउन लगाया जायेगा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी राज्य में हालात को काबू में लाने के लिए लॉकडाउन लगाने की मांग की थी।
2 हजार 821 लोगों की हो चुकी है मौत
बिहार में बीते 24 घंटे में कोरोना के 11 हजार 407 नये मामले सामने आए। अब तक यहां 5 लाख 9 हजार 773 लोग संक्रमित हो चुके हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 7 हजार 667 तक पहुंच गयी है। 3 लाख 73 हजार 933 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में अब तक 2 हजार 821 लोगों की मौत हो चुकी है।