द फाॅलोअप टीम, पटना
बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में राज्यपाल फागू चैहान के अभिभाषण पर विपक्ष ने हंगामा किया। इस दौरान विपक्षी दलों ने खूब नारेबाजी की। हालात ऐसे रहे कि राज्यपाल को शोर-शराबे के बीच ही अपना अभिभाषण पूरा करना पड़ा। राज्यपाल फागू चैहान ने अभिभाषण की शुरुआत की दो लाइन ही पढ़ी और विपक्ष का हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान राजद समेत तमाम विपक्षी दल सरकार की नीतियों को लेकर नारेबाजी की।
अपराध व भ्रष्टाचार पर रोक के लिए सरकार प्रतिबद्ध : राज्यपाल
अपने अभिभाषण के दौरान राज्यपाल फागू चैहान ने कहा कि सरकार राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। मौजूदा सरकार बिहार के विकास के लिए काम कर रही है। कोरोना संकट में बिना किसी भेदभाव के सभी तक मदद पहुंचाई गई। केंद्र सरकार ने भी कोरोना संकट में राज्य की खूब मदद की। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि की दिशा में काम कर रही है. कृषि प्रधान राज्य में जैविक खेती को बढ़ाने का काम भी राज्य सरकार कर रही है। उन्होंने जिक्र किया कि ‘बिहार की जनता ने विकास को चुना है।
ये भी पढ़ें.......
बिजली व रोजगार पर राज्यपाल ने की सरकार की तारीफ
अभिभाषण के दौरान राज्यपाल फागू चैहान ने बिजली और रोजगार की दिशा में काम करने के लिए राज्य सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। घर-घर बिजली को पहुंचाया गया है। बिहार में सात-निश्चय के तहत भी कार्य किया जा रहा है। हर घर नल जल योजना भी करीब-करीब पूरी हो चुकी है। सरकार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। सरकार की नीतियों के कारण पिछले 15 साल में राज्य की विकास दर सबसे अच्छी रही है।