logo

भाजपा का हेमंत सोरेन पर कड़ा प्रहार, दीपक प्रकाश बोले- भारत की सबसे निकम्मी सरकार

14156news.jpg

द फॉलोअप टीम, हजारीबाग:

भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया है कि 21 महीने में हेमन्त सरकार भारत की सबसे निकम्मी सरकार बन गयी है।  दीपक प्रकाश 6 दिवसीय प्रवास के दौरान हजारीबाग में कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। बतौर मुख्य अतिथि दीपक प्रकाश ने कहा कि  21 महीने में 3127 महिलाओं के साथ दुष्कर्म, हत्या में सरकार रिकार्ड बना रही है। बलात्कारियों को संरक्षण देने का कार्य सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखलाकर सत्ता में आई हेमन्त सरकार के खिलाफ जनता के बीच जाना है। 

कार्यकर्ताओं को  दिए तीन सूत्र

प्रकाश ने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को तीन सूत्र दिए। पहले सूत्र के तहत उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उज्ज्वला योजना,  पीडीएस के तहत 80 करोड़ गरीब लोगों को राशन समेत अनेक योजनाओं की जानकारी जनता के बीच प्रचार-प्रसार व जरूरतमंद को लाभ दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का भाव है। वहीं दूसरी सूत्र स्वरूप कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाना हम सब की जिम्मेवारी है। वहीं तीसरे सूत्र के रूप में कहा कि हेमन्त सरकार में प्रदेश की स्थिति भयावह हो चुका है। प्रदेश विनाश के रास्ते आगे बढ़ रहा है। प्रदेश जंगल राज की ओर बढ़ रहा है। 

 

 

सरकार के संरक्षण में हो रहा है धर्मांतरण व खनिज संपदा की लूट

प्रकाश ने कहा कि झूठे वादे कर सत्ता में आई हेमन्त सरकार की पोल खुल गयी है। 2021 नियुक्ति वर्ष का वादा, बेरोजगारी भत्ता, 5 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने, के वादे कर सत्ता में आई किन्तु काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है। उन्होंने कहा कि यह सरकार नई  नियुक्ति तो नहीं कर पाई उल्टा सहायक पुलिसकर्मियों की नौकरी छिनने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार के संरक्षण में खनिज संपदा की लूट मची है। परिवारवाद को आगे बढ़ाने वाली कांग्रेस, झामुमो और राजद की सरकार में लूट मची है। नियोजन नीति के तहत भाषायी विवाद पैदा किया जा रहा है। हेमन्त सरकार के संरक्षण में धर्मांतरण तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि वे इस सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करें। स्थानीय मुद्दों पर संघर्ष को आगे बढ़ाएं। 

सहमति बनाकर भाजपा लड़ेगी पंचायत चुनाव

प्रकाश ने पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव जल्द हो इसके लिए भाजपा ने संघर्ष किया। भाजपा के संघर्ष से झुककर सरकार को पंचायत चुनाव का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जिले के सभी जिला परिषद सीट पर जीत सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध हो कर चुनाव की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा आपसी सहमति बनाकर चुनाव लड़ेगी। 

 

इन्होंने भी सम्मेलन को किया संबोधित

कार्यकर्ता सम्मेलन को प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय, प्रदेश उपाध्यक्ष व मांडू विधायक जेपी पटेल, पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा, यदुनाथ पांडेय, सदर विधायक मनीष जायसवाल, पूर्व विधायक मनोज यादव, लोकनाथ महतो, जानकी यादव, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी रंजीत चन्द्रवंशी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, रौशनी तिर्की, सुशीला देवी, टुन्नू गोप को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बटेश्वर मेहता, जानकी यादव, लोकनाथ महतो,मनोज यादव, यदुनाथ पांडेय, मनीष जायसवाल, बालमुकुंद सहाय, और जेपी पटेल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विवेकानंद सिंह ने किया। कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ नेतागण व भाजपा के सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल हुए।