logo

Corona Vaccine Update: 2 से 18 साल तक बच्चों को भी लगेगी वैक्सीन! भारत बायोटेक ने मांगी ट्रायल की मंजूरी

8372news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
फार्मा कंपनी भारत बायोटेक 2 से 18 साल के नागरिकों पर वैक्सीन का ट्रायल शुरू कर सकता है। कंपनी के एक्सपर्ट पैनल ने इस वर्ग के लिए भारत बायोटेक की वैक्सीन कोवैक्सीन के दूसरे औऱ तीसरे चरण के क्लीनिकल ट्रायल की सिफारिश की थी। कंपनी ने कुछ समय पहले ही इस ट्रायल की इजाजत मांगी है। एक्सपर्ट्स ने चिंता जाहिर की है कि कोरोना की तीसरी लहर सबसे ज्यादा बच्चों को प्रभावित करेगी। उन पर वैक्सीन का ट्रायल किया जाना चाहिए। 

मंगलवार को मांगी क्लिनिकल ट्रायल की मंजूरी
जानकारी के मुताबिक सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमिटी यानी एसईसी ने मंगलवार को क्लीनिकल ट्रायल की सिफारिश की थी। मिली जानकारी के मुताबिक भारत बायोटेक ने 2 से 18 साल वाले आयुवर्ग में वैक्सीन से सुरक्षा, प्रभाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता का पता लगाने के लिए ही ट्रायल की इजाजत मांगी है। ट्रायल एम्स दिल्ली, एम्स पटना सहित देश के कई स्थानों पर कुल 525 सब्जेक्ट पर किया जायेगा। 

फार्मा कंपनी भारत बायोटेक ने बनाई कोवैक्सीन
गौरतलब है कि कोवैक्सीन को भारत बायोटेक ने इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के साथ मिलकर तैयार किया है। देश में फिलहाल 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन दी जा रही है। 

अमेरिका और कनाडा में बच्चों पर ट्रायल जारी
भारत में फिलहाल इस आयुवर्ग के लिए वैक्सीन के ट्रायल की अनुमति मांगी जा रही है लेकिन कुछ देशों में इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। अमेरिका में फाइजर वैक्सीन को 12 से 16 साल तक बच्चों पर ट्रायल की इजाजत दी गयी है। कनाडा में भी 12 से 16 साल तक बच्चों को वैक्सीन लगाई जा रही है। कनाडा में फाइजर वैक्सीन को ही आपातकालीन इस्तेमाल की इजाजत मिली है।