logo

चोरी की बुलेट की सवारी करने पर एएसआई निलंबित

चोरी की बुलेट की सवारी करने पर एएसआई निलंबित
द फॉलोअप टीम 
पटना से पांच साल पहले चोरी हुई दोपहिया गाड़ी बुलेट की सवारी करने वाले एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित एएसआई अखलाक खानदुमका मुफ्फसिल थाने में पोस्टेड था। दरअसल यह मामला तब सामने आया जब बुलेट को सर्विंसिंग के लिए दिया गया। सर्विसिंग सेंटर में बुलेट गाड़ी पहुँचने के बाद उसका असली मालिक सामने आ गया। सर्विसिंग के बाद शो रूम से रूटीन प्रक्रिया के तहत बुलेट नंबर के आधार पर एसएममएस भेजा। यह एसएमएस असली मालिक तक पहुंच गया। एसएमएस के आधार पर बुलेट के मालिक पटना निवासी दिवाकर कुमार सामने आए। इधर एएसआई का कहना है कि गलती से चोरी की बुलेट खरीद ली थी, इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह चोरी की है।

बुलेट बरामदगी की लगाई गुहार
दिवाकर कुमार ने दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा को लिखित जानकारी देते हुए बुलेट बरामदगी की गुहार लगाई है। शिकायत के बाद दुमका मुफ्फसिल थाना प्रभारी देवेंद्र पोद्दार गुरुवार को बुलेट शोरूम पहुंचे और मामले की छानबीन की।

2015 में पटना से हुई थी चोरी
दिवाकर कुमार के अनुसार उनकी बुलेट वर्ष  2015  में  पटना से चोरी हो गई थी। पटना के श्रीकृष्ण पूरी थाने में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 23 दिसंबर की शाम करीब 6:30 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया था। मैसेज में लिखा था उनकी बुलेट की सर्विसिंग हो गई है वह पेमेंट कर बुलेट ले जा सकते हैं। दिवाकर ने बताया कि मैसेज में आए टोल फ्री नंबर पर उन्होंने जब फोन किया तो उन्हें पूरी जानकारी मिली।

एएसआई अखलाक ही सर्विसिंग के लिए आए थे
शो रूम के कर्मचारी ने बताया कि सर्विसिंग के बाद गाड़ी नंबर के आधार पर मालिक को सूचना दी गई थी। यह भी बताया कि इसके पहले भी तीन बार यह बुलेट सर्विसिंग के लिए आई थी लेकिन यह पता नहीं था कि यह चोरी की है। एएसआई अखलाक ही सर्विसिंग के लिए आए थे।