logo

रिम्स में लालू की सुरक्षा में तैनात एएसआई की पत्थर से कूच कर हत्या

553news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी इलाके में एएसआई हत्या कर दी गई है। पुलिस थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर एएसआई कामेश्वर रविदास की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद एएसआई के शव को क्रशर खदान में फेंक दिया गया। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। इस मामले में एक शख्स को हिरासत में लिया गया है। बेखौफ घूम रहे अपराधियों के कारनामे का पता लगाने के लिए पुलिस के कई वरीय अधिकारी समेत एफएसएल टीम भी जांच में जुटी हुई है। 

थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हत्या    
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह एएसआई कामेश्वर रविदास का शव बेरमाद स्कूल के पास के क्रशर खदान से बरामद किया गया है। थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हत्या होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी है।

आपसी विवाद में हत्या की आशंका    
जानकारी के अनुसार तुपुदाना ओपी क्षेत्र निवासी एएसआई कामेश्वर रविदास वर्तमान में रिम्स में लालू प्रसाद की सुरक्षा में तैनात थे। आशंका जताई जा रही है कि कामेश्वर की हत्या गुरुवार की रात कर दी गयी। उसके बाद अपराधियों ने उसके शव को क्रशर खदान में फेंक दिया। अपराधियों ने घटनास्थल पर गिरे खून को भी पानी से धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की। फिलहाल एएसआई कामेश्वर रविदास की हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि कामेश्वर रविदास की आपसी विवाद में हत्या की गयी है।