logo

पत्रकार बनकर पुलिस की आंख में धूल झोंकता था कुख्यात अमन साव, कोयला और जमीन कारोबार में बनाना चाहता था पैठ

पत्रकार बनकर पुलिस की आंख में धूल झोंकता था कुख्यात अमन साव, कोयला और जमीन कारोबार में बनाना चाहता था पैठ
द फॉलोअप टीम
रांची: उम्र 25 साल, गुनाह 50 से भी ज्यादा। हम बात कर रहे हैं कुख्यात अमन साव की। उसी अमन साव की जिसे 19 जुलाई 2020 को रांची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद धुर्वा के सखुआ बगान से गिरफ्तार किया है। अमन साव के साथ उसका एक साथी 30 साल का जयशंकर दुबे उर्फ राहुल दुबे भी पकड़ा गया था। पुलिस के लिए अमन की गिरफ्तारी बड़ी चुनौती थी, क्योंकि वो सालों से आंख मिचौली का खेल खेल रहा था। कई बार पुलिस उसके करीब तक पहुंचती लेकिन वो आंखों में धूल झोंककर फरार हो जाता। 
पहले भी पकड़ा जा चुका है अमन साव
हालांकि एक बार पहले भी अमन साव अपने 5 शूटरों के साथ पकड़ा गया था लेकिन बाद में जमानत पर छूटकर बाहर आ गया और तब से लेकर अबतक लगातार आतंक का खेल खेलता रहा। न सिर्फ रांची बल्कि हजारीबाग, चतरा, लातेहार, धनबाद और रामगढ़ में भी अपराध को अंजाम देता था। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अमन साव और उसका गैंग कोयला और जमीन कारोबार में अपनी पैठ बनाना चाहता था। इसी के मकसद से वो इन कारोबारों से जुड़े ठेकेदार, ट्रांसपोर्टर और व्यवसाइयों से फोन या व्हाट्सएप्प के जरिए रंगदारी की मांग करता था और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देता था। अपने नाम की दहशत फैलाने के लिए वो कई बार खूनी खेल भी खेल डालता था। 
अमन पर दर्ज है 50 से ज्यादा केस 
रांची पुलिस के मुताबिक अमन साव पर इऩ जिलों में 50 से ज्यादा केस दर्ज है। जबकि कई ऐसे भी मामले हैं जो डर के मारे थाने तक पहुंचे ही नहीं। हाल के दिनों में भी अमन साव का गिरोह काफी सक्रिय था। सिर्फ रांची के कई ठेकेदार और ट्रांसपोर्ट्र्स को गिरोह की ओर से रंगदारी को लेकर धमकी दी गई थी। पुलिस इसी के बाद से अमन साव की तलाश में थी। रांची पुलिस ने इसके लिए SIT का गठन किया था। पुलिस के मुताबिक अमन साव का ताल्लुक कई उग्रवादी और आपराधिक संगठनों से भी रहा है। खास तौर पर वो सुजीत सिन्हा गैंग के साथ जुड़ा था और उसी के साथ मिलकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था। 
पत्रकार बनकर पुलिस की आंख में झोंकता था धूल
हैरानी की बात ये है कि गिरफ्तारी के बाद अमन साव के पास से नेपाल का सिम भी मिला है जो ये जाहिर कर रहा है कि वो आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के बाद नेपाल जाकर छिप जाता होगा। इसके अलावा सबसे ज्यादा हैरान कर देने वाली बात ये है कि पुलिस को इसके पास से एक न्यूज चैनल का आईडी कार्ड और माइक आईडी भी मिला है। यानी ये कहना गलत नहीं होगा कि पत्रकार बनकर ये पुलिस की आंख में धूल झोंकता था। 
रिमांड पर लेने की कोशिश
पुलिस को शक है कि अमन साव से और सख्ती से पूछताछ होगी तो कई और राज फाश हो सकता है। अब पुलिस कोर्ट से अमन साव को रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी। यकीनन अमन साव की गिरफ्तारी रांची पुलिस के लिए राहत की बात है लेकिन पुलिस को ये भी देखने की जरुरत है कि कोर्ट में साक्ष्य का अभाव ना हो जाय जिसका फायदा वो उठा सके। ऐसे अपराधियों का जेल से बाहर निकलना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।