logo

कोरोना पॉजिटिव या निगेटिव हैं राजद विधायक ? 12 दिनों बाद भी नहीं मिल रही जानकारी

कोरोना पॉजिटिव या निगेटिव हैं राजद विधायक ? 12 दिनों बाद भी नहीं मिल रही जानकारी
द फॉलोअप टीम
बिहार से आई इस खबर के बारे में बताने से पहले हम आपसे एक सवाल पूछने की इजाजत चाहते हैं। सवाल ये है कि किसी कोरोना संदिग्ध का सैंपल लिया जाता है तो फिर उसकी रिपोर्ट आने में कितना वक्त लगना चाहिए? ये भी ध्यान दीजिएगा कि सैंपल देनेवाला शख्स अगर माननीय हो तो कितना समय लगना चाहिए? ज्यादा से ज्यादा 2 से 3 दिन, 4 दिन, 5 दिन, चलो मान लेते हैं 7 दिन। 7 दिन में तो कोरोना की रिपोर्ट आ ही जाना चाहिए। लेकिन आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि बिहार में एक शख्स ने अब से 12 दिन पहले सैंपल दिया था लेकिन रिपोर्ट आजतक नहीं आई है। रिपोर्ट के लिए वो काफी मशक्कत कर चुके हैं लेकिन हर बार नतीजा सिफर रहा। 
राजद MLA संजय यादव को है रिपोर्ट का इंतजार
आपको जानकर हैरत होगी कि जिस शख्स के बारे में हम बात कर रहे हैं, वो कोई आम आदमी नहीं बल्कि बिहार विधानसभा के सदस्य हैं। जी हां, वो काराकाट के विधायक हैं। उनका कसूर बस इतना है कि वो जिस दल से ताल्लुक रखते हैं वो विपक्ष में है। जी हां, राजद के काराकाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय यादव ने आरोप लगाया है कि वो कोरोना पॉजिटिव हैं या निगेटिव इसको लेकर पिछले 12 दिन से संशय बरकरार है। उनकी रिपोर्ट नहीं आने के कारण उनसे जुड़े दर्जनों लोगों की सांसें अटकी हुई हैं। इस बात से नाराज विधायक ने सरकार के स्वास्थ्य महकमे पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर मेरी जांच रिपोर्ट को जारी नहीं कर रही है। 
6 जुलाई को लिया गया था सैंपल
आपको बता दें कि विधायक संजय यादव का पहली बार कोरोना टेस्ट छह जुलाई को हुआ था। उसके कई दिनों बाद भी जब रिपोर्ट नहीं आयी, तो विधायक ने अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई थी। उसके अगले दिन यानी 14 जुलाई को पटना से आयी विशेष टीम ने 100 से ज्यादा लोगों का सैंपल लिया, पर पिछली बार की तरह इसकी रिपोर्ट भी आज तक नहीं आयी। इस बात से नाराज विधायक ने सरकार पर जान बूझ कर रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने का आरोप लगाया है। 
बीजेपी के पूर्व विधायक का हवाला
विधायक संजय यादव का आरोप है कि उनकी रिपोर्ट 12 दिनों बाद भी नहीं आई है जबकि दूसरी ओर काराकाट के पूर्व विधायक भाजपा नेता राजेश्वर राज 6 वें दिन कोरोना पॉजिटिव से निगेटिव हो गये। इस संबंध में पूर्व विधायक राजेश्वर राज ने बताया कि उनकी पहली जांच 12 जुलाई को हुई थी, जिसकी रिपोर्ट 24 घंटे बाद 13 जुलाई को सार्वजनिक हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व विधायक के साथ-साथ उनके परिवार के काफी लोग कोरोना संक्रमित हो गये थे। इसके बाद शनिवार 18 जुलाई को नयी तकनीकी से जांच की गयी तो पता चला कि रिपोर्ट निगेटिव है। बताया जा रहा है कि एंटी जन एंटी बॉडी रैपिड टेस्ट विधि से ये जांच हुई थी। इसकी रिपोर्ट दो घंटे में ही सार्वजनिक हो जाती है।