द फॉलोअप टीम, भीलवाड़ा:
कोरोना काल में जिंदगी ही सबसे बड़ी संपत्ति बन गयी है। बहुत सारे लोगों ने अपनों को खो दिया। कई लोगों को मलाल है कि काश अपनी सारी संपत्ति लुटाकर अपनों को बचा पाते। इस बीच राजस्थान के भीलवाड़ा से शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां, पिता की मौत के बाद उसके तीन बेटे संपत्ति के लिए श्मशान घाट में ही लड़ पड़े। केवल मुंहजबानी विवाद नहीं हुआ बल्कि भाइयों के बीच जमकर लात-घूंसे भी चले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला।
लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया
श्मशान घाट में मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। लोगों की वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रिया आ रही है। कई लोग चटखारे ले रहे हैं तो वहीं कई लोगों का कहना है कि ये काफी शर्मनाक है। पिता की चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि बेटे संपत्ति के लिए लड़ने लगे। जानकारी के मुताबिक पिता के मौत के तीन दिन बाद ही बेटों में संपत्ति को लेकर विवाद हो गया। भीलवाड़ा में ये घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
श्मशान घाट में भिड़ गये बुजुर्ग के बेटे
भीलवाड़ा स्थित सांगानेर चौकी प्रभारी देवीलाल ने बताया कि बुजुर्ग प्रताप राव की मौत हो गयी थी। उनका दाह संस्कार स्थानीय श्मशान घाट में किया गया। मौत के तीसरे दिन दिवंगत बुजुर्ग के तीनों बेटे, धर्मसिंह राव, पप्पू राव और रघुनाथ राव पिता की अस्थियां लेने श्मशान घाट आये। यहीं तीनों में पिता की संपत्ति को लेकर विवाद हो गया। भाइयों के बीच खूब झगड़ा हुआ। जमकर लात घूंसे भी चले। श्मशान घाट में ये नजारा देख लोग भौंचक्के रह गये। घटना का वीडियो बना लिया।