logo

प्रवासी श्रमिकों का आना जारी! पदाधिकारियों ने स्टेशन परिसर में लिया जांच व्यवस्था का जायजा

8223news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच तकरीबन सभी राज्यों में लॉकडाउन की स्थिति है। कई राज्य आंशिक लॉकडाउन लगा भी चुके हैं। ऐसे में झारखंड से दूसरे प्रदेशों में काम की तलाश में गए प्रवासी श्रमिक वापस लौटने लगे हैं। बढ़ते संक्रमण के बीच प्रवासी श्रमिकों का प्रदेश में लौटना जारी है। प्रवासी श्रमिकों के लिए राज्य सरकार ने अलग से गाइडलाइन जारी किया है। 

सभी प्रवासी श्रमिकों की कोरोना जांच होगी
प्रवासी श्रमिकों के लिए राज्य की हेमंत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के मुताबिक वापस लौटने वाली प्रवासी श्रमिकों का कोविड टेस्ट किया जायेगा। जो लोग पॉजिटिव पाए जाएंगे उनका इलाज किया जाएगा। जो लोग निगेटिव पाए जाएंगे उनको क्वारंटीन किया जायेगा। 14 दिन का क्वारंटीन पीरियड पूरा करने के बाद उनकी दोबारा जांच की जायेगी। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही घर जाने की इजाजत दी जायेगी। केवल प्रवासी श्रमिक ही नहीं बल्कि सामान्य यात्रियों के लिए भी यही इंतजाम है। 



शुक्रवार को इसी तर्ज पर हटिया स्टेशन पहुंची पुणे हटिया एक्सप्रेस के यात्रियों का कोविड टेस्ट किया गया। सामान्य यात्रियों और प्रवासी श्रमिकों की स्टेशन परिसर में ही जांच की गयी।

अधिकारियों ने लिया स्टेशन का जायजा
एसडीएम, सिटी एसपी और रांची रेल मंडल के सीपीआरओ ने स्टेशन परिसर का जायजा लिया। कोविड-19 टेस्ट को लेकर जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों को भी देखा। मौके पर एसडीएम ने कहा कि रांची के यात्रियों के लिए शहर के प्रभात तारा मैदान और खेल गांव में सेंटर बनाया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों के लिए प्रखंडों में क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। 

जांच के बाद ही गांव में मिलेगा प्रवेश
प्रवासी श्रमिकों का इलाज होने के बाद ही उनको गांव में प्रवेश करने दिया जाएगा। इसके साथ ही अन्य जिलों के यात्रियों के लिए उन जिलों में ही क्वॉरेंटाइन सेंटर का निर्माण किया गया है। राज्य सरकार के आदेश का अब पूरी तरह पालन हो रहा है। स्टेशनों पर कोविड-19 टेस्ट हो रहा है और पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद उनका इलाज संबंधित कोरोना केंद्रों में किया जा रहा है।

राज्य में प्रवासी श्रमिकों का लौटना जारी
राज्य में प्रवासी मजदूरों के लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी प्रवासी श्रमिकों को लेकर एक ट्रेन हटिया स्पेशल सूरत से पहुंचेगी और इस ट्रेन के यात्रियों को विभिन्न जिलों में रवाना करने को लेकर बसों की व्यवस्था की जा रही है। रांची जिले के यात्री होंगे उन्हें निगम क्षेत्र में ही क्वॉरेंटाइन किया जाएगा।