द फॉलोअप टीम,चतरा :
झारखंड में चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार को पांच किलो अफीम के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद अफीम का बाजार मूल्य करीब दस लाख रुपए आंका गया है। पुलिस अधीक्षक ऋषभ झा को सूचना मिली थी, कि वृहद पैमाने पर अफीम एकत्रित कर तस्कर उसे दूसरे राज्यों में खपाने की योजना बना रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन कर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप पुलिस को देखकर तस्कर भागने लगे, जिसे सुरक्षाबलों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। तस्करों की तलाशी के दौरान उनके पास से पांच किलो गीला अफीम बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।