logo

India Corona Update: बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 4 लाख 22 हजार मरीजों ने दी कोरोना को मात

8590news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना के नए मरीजों की संख्या में काफी कमी आने लगी है। भारत में एक दिन में रिकॉर्ड संख्या में कोरोना के मरीजों ने रिकवरी की। स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक देश में 4 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। बीते 24 घंटे में 4 लाख 22 हजार मरीज ठीक हो गये।
 
बीते 14 दिन में बढ़ी है मरीजों की रिकवरी
कोरोना को मात देने वाले मरीजों का आंकड़ा केवल सोमवार से मंगलवार के बीच अच्छा हुआ है ऐसा नहीं है। बीते 14 दिनों से लगातार कोरोना मरीजों के ठीक होने की संख्या में इजाफा देखा गया। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक बीते 14 दिन में रोजाना औसतन 3 लाख 55 हजार 944 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। कोरोना मरीजों की संख्या में आती कमी सुखद संकेत है। 

संक्रमितों की संख्या घटी पर मृतकों की बढ़ी
जानकारी के लिए बता दें कि भारत में अब तक 2 करोड़ 52 लाख 41 हजार 203 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 33 लाख 59 हजार 993 एक्टिव मरीज हैं। 2 करोड़ 15 लाख 92 हजार 76 मरीज ठीक हो चुके है। 2 लाख 78 हजार 812 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने फरवरी माह के पहले सप्ताह में दस्तक दी थी। अप्रैल माह के अंत तक 4 लाख केस रोज आने लगे। मृतकों की संख्या भी इस बीच बढ़ी। रोजाना 4 हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई। 

मई की 9 तारीख से नए केस में आई कमी
मई महीने की 9 तारीख से नए कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से कमी आई। जो आंकड़ा चार लाख के पार जा रहा था वो अब ढाई लाख तक पहुंचा है। चिंताजनक बात ये है कि मृतकों की संख्या नहीं घटी। रोजाना 4 हजार से ज्यादा लोग कोरोना की वजह से दम तोड़ रहे हैं। इस बीच सफदरजंग हॉस्पिटल के डॉक्टर जुगल किशोर ने कहा कि यदि पाबंदियां जारी रही। लोगों ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करना नहीं छोड़ा। वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाई गई तो कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर 2 सप्ताह में खत्म हो जायेगी। उन्होंने वैज्ञानिक गणना के आधार पर ये कहा।