logo

बेकाबू हुई कोरोना की रफ्तार! 24 घंटे में मिले 90,928 संक्रमित, 283 फीसदी बढ़ा दैनिक औसत मामला

16783news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल लगातार जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने संक्रमितों का नया आंकड़ा जारी किया है। ताजा जानकारी के मुताबिक भारत में बीते 24 घंटे में 90 हजार 928 मरीज मिले हैं। इस दरम्यान 19 हजार 206 मरीज ठीक हुये। बीते 24 घंटे में 325 मरीजों की मौत हो गई। 325 नई मौतों को मिलाकर देश में अब तक 4 लाख 28 हजार 876 मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना के नये मामलों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की नींद उड़ा दी है। विशेष चिंता इसकी रफ्तार से है। 

दैनिक पॉजिटिविटी रेट में भी हुआ इजाफा
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण की दैनिक पॉजिटिव रेट 6.43 फीसदी है। इसका ये मतलब है कि हुआ कि जितना सैंपल कलेक्ट किया जाता है, उसका 6.43 फीसदी लोग पॉजिटिव पाये जा रहे हैं। देश में एक्टिव संक्रमितों की संख्या 3 लाख के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय का आंकड़ा बताता है कि देश में फिलहाल 2 लाख 85 हजार 401 कोरोना संक्रमित मरीज हैं। 

दैनिक संक्रमितों की संख्या में भी बढ़ोतरी
सबसे चिंता की बात है कि बीते एक सप्ताह में कोरोना संक्रमितों के औसत दैनिक मामलों में 283 फीसदी का इजाफा हुआ है। जहां 23 दिसंबर से 29 दिसंबर तक रोजाना औसतन 8 हजार लोग संक्रमित पाए जा रहे थे वहीं 30 दिसंबर से 6 जनवरी तक रोजाना औसतन 31 हजार मरीज मिले हैं। आंकड़ा विस्तार से देखते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय रोज नए संक्रमितों का आंकड़ा पेश करता है। आंकड़ों के मुताबिक 24 दिसंबर को देश में 7 हजार 495 मरीज मिले थे। 24 दिसंबर को 6 हजार 650 मरीज मिले। 25 दिसंबर को 7 हजार 189 मरीज मिले। 26 दिसंबर को 6 हजार 987 मरीज मिले। 27 दिसंबर को 6 हजार 531 मरीजों की पहचान हुई। 28 दिसंबर को 6 हजार 358 मरीज मिले। 29 दिसंबर को आंकड़ा बढ़ा। कुल 9 हजार 195 मरीज मिले। यानी एक सप्ताह में कुल 56 हजार 722 मरीज मिले। रोजाना औसतन 8 हजार 103 संक्रमित मिले। 

1 सप्ताह में ही बदल गया संक्रमितों का गणित
इसके अगले सप्ताह यानी 30 दिसंबर से 6 जनवरी के बीच कोरोना संक्रमितों की संख्या में अप्रत्याशित इजाफा हुआ। 30 दिसंबर को 13 हजार 154 मरीज मिले। 31 दिसंबर को 16 हजार 764 मरीज मिले। 1 जनवरी को 22 हजार 775 मरीज मिले। 2 जनवरी को 27 हजार 553 मरीज मिले। 3 जनवरी को 33 हजार 750 मरीज मिले। 5 जनवरी को 58 हजार 97 मरीज मिले वहीं 6 जनवरी को ये लगभग दोगुना हो गया। 6 जनवरी यानी गुरुवार को 90 हजार 928 मरीज मिले। यानी इस इस हफ्ते 3 लाख 400 नये मरीज मिले। तो कुल मिलाकर रोजाना औसतन 31 हजार 285 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई, जो वाकई चिंताजनक है। 

झारखंड में भी बेतहाशा बड़ी संक्रमितों की संख्या
झारखंड की बात भी करते हैं। राज्य में जिस तरह से कोरोना के मामले बढ़े रहे हैं वो वाकई चौंकाने वाला है। हर दिन  हजार से पार की संख्या में मरीज मिल रहे हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 3553 नए संक्रमित मिले। मंगलवार की तुलना में ये आंकड़ा 33 फीसदी ज्यादा है। मंगलवार को 2681 नए मरीज मिले थे। वहीं कोरोना से 2 लोगों की मौत भी हुई है, संक्रमण दर भी बढ़कर 5.64 फीसदी पर पहुंच गया है। 10 दिन पहले 24 दिसंबर को राज्य में ना के बराबर में संक्रमित थे। 5 जनवरी तक कोरोना हर जिले में पहुंच गया है। 10 दिनों में राज्य की पॉजीटिविटी रेट में 20.43 गुणा बढ़ा है। बुधवार को 244 लोग ठीक भी हुए।