logo

खौफनाक रूप ले रहे ब्लैक फंगस के 8,848 मामले, आँत को भी पहुँचा रहा नुकसान

खौफनाक रूप ले रहे ब्लैक फंगस के 8,848 मामले, आँत को भी  पहुँचा रहा नुकसान
द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कोरोना वायरस अलग-अलग खौफनाक रूप बदल रहा है। अभी तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है ही कि कोरोना पॉज़िटिव हो चुके लोग ब्लैक फंगस से जूझ रहे हैं। अब तक भारत में लगभग 8,848 म्यूकोर्मिकोसिस (ब्लैक फंगस) के मामले सामने आ चुके हैं। इसमें  गुजरात में सबसे अधिक 2,281 मामले के बाद महाराष्ट्र (2,000), आंध्र प्रदेश (910), मध्य प्रदेश (720) राजस्थान (700), कर्नाटक (5,00), हरियाणा (250), दिल्ली (197), पंजाब ( 95), छत्तीसगढ़ (87), बिहार (56), तमिलनाडु (40), केरल (36), झारखंड (27), ओडिशा (15), गोवा (12) और चंडीगढ़ (8) में मामले सामने आए हैं। इधर, 
दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में ब्लैक फंगस का एक खतरनाक मामला सामने आया है। एक मरीज़ की आँत में ही छेद हो गया है।

पत्नी के अंतिम संस्कार के समय पेट में होने लगा दर्द
खबर है कि दिल्ली के एक दंपति को कोरोना वायरस ने जकड़ लिया। पति तो नेगेटिव आ गए, लेकिन पत्नी की मौत हो गयी। उनके अंतिम संस्कार के समय पति के पेट में शदीद दर्द होने लगा। इसका कारण गैस्ट्रिटिस या तनाव मानते हुए दवा दी गयी। दवा तीन दिन तक चली, पर आराम न हुआ।

तीन दिन बाद पहुंचे अस्पताल
मरीज़ को तीन दिन बाद अस्पताल लाया गया। इलाज कर रहे  डॉ. उशांत धीर  के मुताबिक़ सीटी स्कैन से पता चला कि उक्त मरीज़ की छोटी आँत (जेजुनम) में छेद हो गया है। 
रोगी में जेजुनम (छोटी आँत का पहला भाग) के अल्सरेशन ने फंगल रोग को लेकर मेरा संदेह बढ़ा दिया और इसके बाद तुरंत रोगी का एंटी-फंगल उपचार शुरू कर दिया गया। हमने निकाली गई आंत का एक हिस्सा बायोप्सी के लिए भेजा।

दूसरे मरीज़ को भी शिकायत
इसी अस्पताल में दूसरे व्यक्ति की भी यही शिकायत थी। कोविड से ठीक  होने के बाद  पेट में हल्का दर्द होने लगा। मरीज मधुमेह रोगी है और कोविड के इलाज के लिए स्टेरॉयड दिया गया था।

इलाज कर रहे डॉ. पीयूष रंजन ने रोगी के लिए एक तत्काल सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। इन दोनों रोगियों को कोविड था और उन्हें मधुमेह भी था, लेकिन उनमें से केवल एक को ही स्टेरॉयड दिया गया था।