logo

2004 में हुआ था महिला का रेप! पीड़िता ने 2021 में फेसबुक से आरोपी को पहचाना, शिकायत दर्ज

6658news.jpg
द फॉलोअप टीम, इंदौर: 
रेप पीड़िता ने 17 साल बाद उस शख्स को पहचाना जिसने उसके साथ दुष्कर्म किया था। महिला ने फेसबुक के जरिये आरोपी को पहचाना। उसके साथ कथित रेप की वारदात 2004 में हुई थी। पीडि़ता का आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने उसके साथ बलात्कार  किया। घटना इंदौर में हुई थी। मामला 2004 का है। अब जाकर मामले में आरोपी शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 
महिला एमपी के नीमच की रहने वाली है
जानकारी के मुताबिक महिला नीमच की रहने वाली है। 2004 में महिला की माली हालत काफी खराब थी। महिला ने बताया कि एक दिन उसके लैंडलाइन पर एक कॉल आया। फोन करने वाले शख्स ने उससे कहा कि वो उसे बेहतर नौकरी दिलायेगा जिसमें अच्छा वेतन मिलेगा। महिला शख्स द्वारा दिये गए पते के आधार पर नीमच से इंदौर आ गई। इंदौर में व्यक्ति ने महिला से मुलाकात की और नौकरी का झांसा देकर उसके साथ यौन संबध बनाया और फरार हो गया। महिला नीमच और इंदौर दोनों ही शहरों में मामले की रिपोर्ट लिखवाने थाना पहुंची लेकिन मामला दर्ज नहीं किया जा सका। महिला की शिकायत दर्ज नहीं हो सकी क्योंकि वो आरोपी शख्स का नाम पता नहीं जानती थी। 

महिला ने फेसबुक से आरोपी को पहचाना
मामला आया-गया हो गया। 2019 में महिला ने फेसबुक पर अकाउंट बनाया। मार्च 2021 में अचानक से महिला के फेसबुक सजेशन में आरोपी शख्स की प्रोफाइल दिखी। आरोपी की फोटो भी उसकी प्रोफाइल में लगी थी। महिला ने आरोपी को पहचान लिया। उसकी फेसबुक प्रोफाइल से उसका नाम पता भी निकाल लिया। इसके बाद पीड़िता इंदौर महिला थाना पहुंची और पुलिस को पूरा मामला बताया। महिला ने कहा कि उसे पूरा यकीन है कि फेसबुक प्रोफाइल में दिख रहा शख्स वही है जिसने इंदौर में साल 2004 में उसका बलात्कार किया था। 

ये भी पढ़ें.....

महिला थाना में दर्ज हुआ पूरा मामला
इंदौर की महिला थाना प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि 2004 में व्यक्ति ने पीड़िता को नौकरी का झांसा देकर इंदौर बुलाया। महिला की माली हालत उस वक्त काफी खराब थी। वो आरोपी की बातों में आ गई। इंदौर पहुंचकर महिला ने उस शख्स से मुलाकात की। शख्स ने अपना गलत नाम और पता बताया। नौकरी का झांसा देकर महिला का यौन शोषण किया। अब महिला ने फेसबुक में उस शख्स की तस्वीर देखी और पहचान लिया। महिला को यकीन है कि ये वही आदमी है। आरोपी की शिनाख्त हो चुकी है। महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।