logo

झारखंड में बीते 24 घंटे में 123 नये कोरोना मरीज, मौत का आंकड़ा 1 हजार 95 तक पहुंचा

6655news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में बीते 24 घंटे में कोरोना के 123 नये मरीज मिले हैं। सबसे ज्यादा 57 नये मरीज राजधानी रांची से मिले हैं। राज्यभर में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 653 तक पहुंच गयी है। राजधानी रांची में कोरोना के 365 एक्टिव मरीज हैं। झारखंड में कोरोना का संक्रमण जनवरी तक काबू में आता दिख रहा था। हालिया एक महीने में कोरोना ने दोबारा राज्य में पांव पसारना शुरू कर दिया है। 

लापरवाही से बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले
राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 1 लाख 21 हजार 55 हो गयी है। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1 लाख 19 हजार 207 है। राज्य में अब तक कोरोना से 1095 लोगों ने जान गंवाई है। राजधानी रांची में कोरोना से मरने वालों की संख्या 251 हो गयी है। शुक्रवार को भी रांची में एक कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लापरवाही की वजह से कोरोना के मामले बढ़े हैं। 

लोगों को मास्क पहनाने सड़क पर उतरे डीसी
राजधानी में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये जिला प्रशासन मुस्तैद हो गया है। उपायुक्त छवि रंजन खुद सड़क पर उतरकर लोगों से मास्क पहनने की अपील कर रहे हैं। कोरोना मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की कांटैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गयी है। जिन लोगों का कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ रहा है उसकी जानकारी सिविल सर्जन तक पहुंचाई जा रही है। मोबाइल टीम भी डोर टू डोर कैंपेन चलाकर लोगों का सैंपल कलेक्ट कर रही है। रांची में 17 स्थानों पर कोरोना जांच कैंप लगाया गया है। 

चलाया जा रहा है मास्क चेकिंग अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थान पर जाते समय मास्क जरूर लगाएं। सार्वजनिक स्थानों पर दो गज की दूरी बरतें। सेनीटाइजर और हैंडवाश से समय-समय पर हाथ धोते रहें। अपने आसपास लोगों को जागरूक भी करें। लोगों से ये भी अपील किया जा रहा है कि किसी भी परिस्थिति में मास्क जरूर पहनें। मास्क चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।