logo

लापरवाही पड़ेगी भारी! झारखंड में भी बढ़े केस, केरल और महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की होगी जांच

5734news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे में 16 हजार 805 नये केस सामने आये हैं। इस बीच 112 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, जम्मू कश्मीर में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य सचिव राजीव गौबा ने इन राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक करके जरूरी दिशा-निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के लिये कोरोना का नया स्ट्रेन नहीं बल्कि लोगों की लापरवाही जिम्मेदार है। 

झारखंड में भी बढ़े कोरोना के केस
इस बीच झारखंड में भी कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 42 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। रांची जिला बार एसोसिएशन के 10 वकील कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में कोरोना मरीजों का पाया जाना वाकई चिंताजनक है। रांची जिला बार एसोसिएशन ने नये और पुराने भवनों को छह मार्च तक के लिए बंद कर दिया है। इनके संपर्क में आये लोगों को भी जांच कराने का निर्देश दिया गया है। कहा जा रहा है कि लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे। 

रेलवे स्टेशन-एयरपोर्ट पर होगी जांच
स्वास्थ्य सचिव केके सोन ने कहा कि केरल और महाराष्ट्र से झारखंड आने वाले यात्रियों की सख्ती से जांच की जाये। स्वास्थ्य सचिव ने रांची, धनबाद, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखा है। इनसे कहा गया है कि बाहर से आने वाले यात्रियों की रेलवे स्टेशन और बस अड्डों में ट्रूनेट मशीन से जांच की जाये। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अथॉरिटी को भी केरल और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की जांच करने को कहा गया है।