logo

India Corona Update: नहीं थम रहा कोरोना! 24 घंटे में मिले 47,092 मरीज, 509 लोगों ने गंवाई जान

12383news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। कोरोना के दूसरे लहर की रफ्तार थमी है और तीसरी लहर की आहट है। विशेषज्ञों क मानना है कि अक्टूबर में तीसरी लहर पीक पर होगी। इस बीच कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव चिंता का सबब बना हुआ है। पिछले कई दिनों से रोजाना औसतन 40 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं। मौत का आंकड़ा भी 300 के पार बना हुआ है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य  मंत्रालय ने नया आंकड़ा जारी किया है। 

 

24 घंटे में 509 मरीजों की जान चली गई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में 47 हजार 92 नए मरीज मिले हैं। इस बीच 35 हजार 181 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। मौत का आंकड़ा 500 को पार गया है। 24 घंटे में 509 कोरोना संक्रमित मरीजों की जान गई है। मौत के आंकड़ों में उछाल दिखा है। बीते दिनों ये आंकड़ा 400 के नीचे थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि अभी तक देश में 52 करोड़ 48 लाख 68 हजार 734 सैंपल की जांच जा चुकी है जिसमें से बीते 24 घंटे में 16 लाख 84 हजार 441 सैंपल की जांच की गई। आईसीएमआर ने ये जानकारी दी है। 

मृत्यु दर में कमी लाना भी है बड़ी चुनौती
स्वास्थ्य मंत्रालय का आंकड़ा कहता है कि महामारी की शुरुआत से लेकर अभी तक देश में 3 करोड़ 28 लाख 57 हजार 927 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इस दरम्यान 3 करोड़ 20 लाख 28 हजार 824 लोगों ने कोरोना महामारी से वापसी की। फिलहाल एक्टिव कोरोना केस की संख्या 3 लाख 89 हजार 583 है। 4 लाख 39 हजार 529 लोगों की मौत हो चुकी है। महामारी की दूसरी लहर में मई का पहला सप्ताह सबसे भयावह साबित हुआ था। उस समय देश में रोजाना 4 हजार से भी ज्यादा संक्रमितों की मौत हो रही थी। यही नहीं, मरने वालों में अधिकांश युवा थे। 

 

टीकाकरण अभियान में कई खामियां बाकी हैं
भारत में कोरोना महामारी के खिलाफ व्यापक टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक 66 करोड़, 30 लाख 37 हजार 334 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। बीते 24 घंटे में 81 लाख 9 हदार 244 नागरिकों को टीका लगाया जा चुका है। हालांकि ये भी कड़वी सच्चाई है कि इनमें से एक चौथाई जनंसख्या का भी पूर्ण टीकाकरण नहीं हो सकता है। तात्पर्य ये है कि सभी लोगों को दूसरा डोज नहीं लग सका है। 

लगातार डरा रहे हैं केरल के नए आंकड़े
देश में कोरोना संक्रमण की ताजा स्थिति में सबसे चिंताजनक केरल के आंकड़े हैं। बीते 24 घंटे में देश में जो 47 हजार 92 नए संक्रमित मिले हैं उनमें से केवल केरल में ही 32 हजार 803 संक्रमित हैं। कुल 509 मौतों में से 173 केरल से है। बीच में एक दिन 20 हजार के आसपास मरीज मिले थे लेकिन ये आंकड़ा फिर बढ़ गया। पूर्वोत्तर राज्यों में से एक मिजोरम में बीते 24 घंटे में 545 पॉजिटिव केस मिले। यहां अभी भी 9 हजार 66 एक्टिव मरीज हैं। 218 लोगों की मौत हो चुकी है।