logo

पहले चरण में हुए मतदान में 1066 प्रत्याशियों में से 375 उम्मीदवार करोड़पति

1956news.jpg
द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली
भारतीय राजनीति में नेताओं की आमदनी का मुद्दा किसी से छिपा हुआ नहीं है। उद्योग से ज्यादा एक बेहतर निवेश की जगह मानी जाने वाली राजनीति में भले ही दल गरीबों के लिए वादे और दावे करते रहें, लेकिन उनका प्रत्याशी इतना अमीर होता ही है कि वह शायद ही गरीबों का दर्द समझ सके। एक रिपोर्ट के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए मतदान में 1066 प्रत्याशियों में से 375 उम्मीदवार करोड़पति है।

375 उम्मीदवार करोड़पति
एडीआर के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार चुनाव में इस बार 375 उम्मीदवार (कुल 35 प्रतिशत) करोड़पति हैं, यानी हर तीसरे उम्मीदवार की संपत्ति करोड़ में है। वहीं, सभी प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 1.99 करोड़ है। इसमें 9 प्रतिशत उम्मीदवारों की संपत्ति 5 करोड़ से ज्यादा, 12 प्रतिशत उम्मीदवारों की संपत्ति 2 से 5 करोड़, 28 प्रतिशत उम्मीदवारों की संपत्ति 50 लाख से 2 करोड़ के बीच है।

ये भी पढ़ें.....

भाजपा के 29 में 24 प्रत्याशी करोड़पति
बिहार इलेक्शन वॉच और एडीआर के मुताबिक, सबसे ज्यादा करोड़पति उम्मीदवार राजद के पास हैं। पहले चरण में राजद 41 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें 39 उम्मीदवार (95 प्रतिशत) करोड़पति हैं। इसके बाद जदयू में सबसे ज्यादा प्रत्याशी करोड़ों के मालिक हैं। प्रथम चरण में जदयू के 35 में से 31 (89 प्रतिशत) प्रत्याशियों के पास करोड़ों की संपत्ति है। वहीं, भाजपा के 29 में 24 प्रत्याशी (83 प्रतिशत), लोजपा के 41 में 30 प्रत्याशी (73 प्रतिशत), कांग्रेस के 21 में से 14 प्रत्याशी (67 प्रतिशत) और बसपा के 26 में से 12 प्रत्याशी (46 प्रतिशत) करोड़पति हैं। 

दूसरे चरण में 495 उम्मीदवार करोड़पति
वहीं दूसरे चरण की बात करें तो  एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार चुनाव के दूसरे फेज में कुल 495 करोड़पति उम्मीदवार सियासी रण में किस्मत आजमाने उतरे हैं। इनमें से 118 प्रत्याशियों ने अपने पास 5 करोड़ रुपए या उससे अधिक की संपत्ति घोषित की है। सबसे ज्यादा करोड़पति उम्मीदवार भाजपा की तरफ से मैदान में हैं। पार्टी के 46 में से 39 प्रत्याशी करोड़पति हैं। राजद के 56 में से 46, जदयू के 43 में से 35 प्रत्याशी करोड़पति हैं। इसके अलावा लोजपा के 52 में से 38,कांग्रेस के 24 में से 20 और बीएसपी के 33 में से 11 उम्मीदवार करोड़पति हैं। रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे चरण के चुनाव में सबसे ज्यादा संपत्ति वाले उम्मीदवारों की लिस्ट में कांग्रेस के वैशाली सीट से उम्मीदवार संजीव सिंह का नाम टॉप पर है। उनके पास 56 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है।